बेटी के चरित्र पर था शक, अमृतसर में पिता ने हत्या कर घर के पीछे दफनाया शव, मां ने JCB से खुदवाया तो खुला राज

बेटी के चरित्र पर था शक, अमृतसर में पिता ने हत्या कर घर के पीछे दफनाया शव, मां ने JCB से खुदवाया तो खुला राज

अमृतसर में बेटी के चरित्र पर संदेह के चलते उसकी हत्या कर शव घर के पीछे दफनाने का मामला सामने आया है. मत्तेवाल थाना क्षेत्र में हुई इस घटना का राज उस समय खुला, जब मां को पति की बात पर संदेह हुआ. उसने जेसीबी मंगवाकर घर के पीछे खुदाई करवाई तो जमीन के नीचे बेटी का शव बरामद हो गया. पुलिस ने 19 वर्षीय नवनीत कौर का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या और शव खुर्द-बुर्द करने के आरोप में मामला दर्ज किया है.

घर छोड़ चली गई थी बेटी
मृतका की मां सरबजीत कौर ने पुलिस को बताया कि उनकी दो बेटियां हैं. बड़ी बेटी नवनीत कौर पढ़ाई कर चुकी थी. करीब छह महीने पहले वह अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी, लेकिन कुछ दिन बाद वापस लौट आई थी. इसी बात को लेकर परिवार में पति-पत्नी के बीच विवाद भी होता रहता था. सरबजीत कौर के अनुसार, उसका पति दोनों बेटियों के चरित्र पर संदेह करता था. 25 अगस्त को वह अपने मायके चली गई थी और घर में दोनों बेटियां मौजूद थीं. 31 अगस्त को बेटी ने उसे फोन पर बताया था कि पिता घर के पीछे एक गड्ढा खोद रहे हैं. इसके बाद उसकी बेटी से बातचीत नहीं हो सकी.

रिश्तेदार के घर भेजने की कही बात
बुधवार को सरबजीत कौर वापस घर पहुंची तो नवनीत वहां नहीं थी. उसने पति से बेटी के बारे में पूछा तो उसने बताया कि नवनीत को छह महीने के लिए रिश्तेदार के घर भेज दिया है. पति की इस बात से उसे संदेह हुआ. इसके बाद उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी. संदेह के आधार पर घर के पीछे खोदे गए गड्ढे की जेसीबी से खुदाई करवाई गई. खुदाई के दौरान वहां से नवनीत कौर का शव बरामद हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब दो दिन पहले हत्या करने के बाद शव को वहीं दबाया गया था.

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. आरोपित पिता के खिलाफ हत्या और शव खुर्द-बुर्द करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस घटना की पूरी परिस्थितियों, हत्या के कारण और शव दबाने से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *