मजदूर के खाते से 41 करोड़ का ट्रांजेक्शन, आयकर और GST नोटिस से उड़े होश

मजदूर के खाते से 41 करोड़ का ट्रांजेक्शन, आयकर और GST नोटिस से उड़े होश

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालनपोषण करने वाले एक मजदूर के बैंक खाते से करीब 41 करोड़ रुपये के लेनदेन का मामला सामने आने के बाद आयकर विभाग और जीएसटी विभाग की ओर से नोटिस भेजा गया है।

मजदूर के खाते से 41 करोड़ का ट्रांजेक्शन, आयकर और GST नोटिस से उड़े होश

नोटिस मिलने के बाद पीड़ित और उसका परिवार गहरे सदमे में है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके बैंक खाते का किसी अन्य व्यक्ति ने गलत इस्तेमाल किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

2021 में रोजगार की तलाश में साले के साथ दिल्ली गए थे
पड़री थाना क्षेत्र के लोकापुर गांव निवासी श्याम बाबू बिंद के अनुसार, वर्ष 2021 में वह रोजगार की तलाश में अपने साले के साथ दिल्ली गए थे। वहां उन्हें बताया गया कि एक निजी कंपनी में नौकरी के लिए बैंक खाता खुलवाना जरूरी है। इसी भरोसे पर उन्होंने नया बैंक खाता खुलवा लिया।

श्याम बाबू का कहना है कि बाद में उन्हें नौकरी नहीं मिली और वे गांव लौट आए। घर लौटने के बाद उन्होंने कई बार बैंक पासबुक मांगी, लेकिन उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया।

तीन साल बाद उन्हें आयकर विभाग से नोटिस मिला
करीब तीन साल बाद उन्हें आयकर विभाग से नोटिस मिला, जिसमें उनके बैंक खाते से लगभग 41 करोड़ रुपये के लेनदेन का विवरण दर्ज था। कुछ समय बाद जीएसटी से भी नोटिस पहुंची। करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलते ही पूरा परिवार चिंता में पड़ गया।

रोजाना मजदूरी कर किसी तरह परिवार का खर्च चलाते हैं
पीड़ित का कहना है कि वह रोजाना मजदूरी कर किसी तरह परिवार का खर्च चलाते हैं और उनके लिए इतनी बड़ी रकम का लेनदेन कल्पना से भी परे है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने उनके बैंक खाते का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये का कारोबार किया है।

पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग
श्याम बाबू ने बताया कि पहले उन्होंने पड़री थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बैंक खाते के दुरुपयोग की सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *