मथुरा में बीजेपी का महामंथन, नितिन नबीन की नेताओं को दो टूक गलतियां माफ नहीं होंगी​

मथुरा में बीजेपी का महामंथन, नितिन नबीन की नेताओं को दो टूक गलतियां माफ नहीं होंगी​

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी पूरी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है. मथुरा में दो दिनों तक चली बीजेपी की योजना बैठक में चुनावी रणनीति से लेकर संगठन की मजबूती तक पर महामंथन हुआ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया और कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने का संदेश दिया. वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नेताओं को दो टूक नसीहत दी. उन्होंने साफ कहा कि चुनाव में पूरी तैयारी और योजना के साथ उतरना होगा… जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं की गलतियां माफ नहीं की जाएंगी. बैठक में कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने से लेकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तक का रोडमैप तैयार किया गया.

मथुरा से मिशन 2027 का संदेश

भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में बीजेपी की दो दिवसीय योजना बैठक में उत्तर प्रदेश चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर मंथन किया गया. सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बैठक में नेताओं को साफ संदेश दिया कि पार्टी को चुनाव में पूरी योजना और आपसी तालमेल के साथ उतरना होगा… मंत्री, विधायक और सांसद जैसे जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी… उनकी गलतियों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा… सभी नेता आपसी मतभेद भुलाकर मिलकर जीत की रणनीति तैयार करें.. पार्टी का लक्ष्य सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना है.

योगी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार के कामकाज और उपलब्धियों का ब्यौरा पेश किया. सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के सभी वर्गों के लिए काम किया है. अब पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार के इन कामों को जनता के बीच लेकर जाएं. योगी ने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि जनता को समाजवादी पार्टी की सरकार के समय प्रदेश की स्थिति के बारे में बताया जाए. उस दौर की चुनौतियों और मौजूदा सरकार के कामकाज के बीच अंतर को लोगों तक पहुंचाया जाए. यानी बीजेपी चुनाव में एक तरफ अपनी सरकार की उपलब्धियों को सामने रखेगी, तो दूसरी तरफ सपा सरकार के कार्यकाल को भी चुनावी मुद्दा बनाएगी.

केशव मौर्य का दावा फिर बनेगी बीजेपी सरकार

बैठक में शामिल डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने जा रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता पूरे उत्साह और विश्वास के साथ मैदान में हैं और समाजवादी पार्टी को सैफई भेजने का काम करेंगे. केशव मौर्य ने डबल इंजन सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में बीजेपी के पक्ष में माहौल है. मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण को नमन करते हुए उन्होंने अपना पुराना बयान भी दोहराया कि अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी है. अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए केशव मौर्य ने कहा कि अगर वह कृष्ण भक्त हैं तो कारसेवा करें, शायद उनकी साइकिल डूबने से बच जाए.

SIR, दलित और सपा पर भी केशव के हमले

केशव प्रसाद मौर्य ने एसआईआर यानी मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए मतदाता और बीजेपी कार्यकर्ता जागरूकता के साथ काम कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी जहां एक बार सरकार बनाती है, वहां बारबार सत्ता में लौटती है. डिप्टी सीएम ने दलितों के अपमान का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव से दलित समाज से माफी मांगने की मांग की. केशव मौर्य ने आरोप लगाया कि रामगोपाल यादव ने दलितों को मूर्ख कहा है. उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया.

पंकज चौधरी ने दिया तीसरी बार सरकार का नारा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने भी मथुरा की बैठक को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि मथुरा की धरती पर सभी नेताओं ने ‘राधेराधे, कमल खिला दे’ का उद्घोष किया है. पंकज चौधरी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी या कांग्रेस की नहीं, बल्कि बीजेपी की ही सरकार बनने जा रही है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के कामों को लेकर जनता के बीच जाएगी. पंकज चौधरी ने भरोसा जताया कि जनता बीजेपी को तीसरी बार सेवा का मौका देगी.

कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने पर जोर

मथुरा की बैठक में सिर्फ चुनावी मुद्दों और रणनीति पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं की नाराजगी और उदासीनता को लेकर भी मंथन हुआ. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में तय किया गया कि कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जाए. पार्टी नेतृत्व का जोर इस बात पर है कि कार्यकर्ता खुद को संगठन में सम्मानित और महत्वपूर्ण महसूस करें… चुनाव में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम होगी. ऐसे में उनकी समस्याओं और शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. बीजेपी की रणनीति है कि कार्यकर्ताओं को साथ लेकर ही तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी की जाए.

कृष्ण जन्मभूमि पर संकल्प पत्र के वक्त चर्चा

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बैठक को लेकर कहा कि बीजेपी ने दो दिनों तक चुनावी तैयारियों पर मंथन किया है. अब पार्टी जनजन तक पहुंचेगी और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करेगी. श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में ब्रजेश पाठक ने कहा कि जब पार्टी का संकल्प पत्र तैयार होगा, तब इस मुद्दे पर विस्तार से बात की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *