
लखनऊ: मलीहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो ट्रकों की आमनेसामने टक्कर के बाद बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना रात 12:20 बजे चौक फायर स्टेशन को मिली, जिसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही मलीहाबाद में तैनात फायर सर्विस की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रास्ते में स्थानीय पुलिस और मौके पर पहुंची पहली टीम से जानकारी मिली कि एक चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हजरतगंज फायर स्टेशन से एमडीआरवी वाहन भी तत्काल मौके पर भेजा गया।
केबिन में बुरी तरह फंस गया था चालक
टक्कर का प्रभाव इतना जबरदस्त था कि डीसीएम ट्रक का चालक वाला हिस्सा पूरी तरह अंदर की ओर दब गया। इससे चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और बाहर निकलना संभव नहीं था।
फायर सर्विस की टीम ने विशेष उपकरणों की मदद से लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को जीवित बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
चालक की पहचान
पुलिस के अनुसार, घायल चालक की पहचान अरुण, निवासी रामनगर, थाना माल के रूप में हुई है। फिलहाल उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।