मुरादाबाद: हाईवे किनारे झोपड़ी में सो रहे बुजुर्ग की हत्या, धारदार हथियार से किया गया हमला

मुरादाबाद: हाईवे किनारे झोपड़ी में सो रहे बुजुर्ग की हत्या, धारदार हथियार से किया गया हमला
मुरादाबाद: हाईवे किनारे झोपड़ी में सो रहे बुजुर्ग की हत्या, धारदार हथियार से किया गया हमला

अमृत विचार, मुरादाबाद, अलीगढ़ : मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बनी झोपड़ी में शनिवार देर रात सोते हुए बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात में उनके चेहरे और हाथ पर कई वार किए गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और आला अधिकारियों ने घटनास्थल की गहन पड़ताल की।

जानकारी के अनुसार ग्राम नानपुर निवासी करन सिंह हाईवे किनारे बिजलीघर और भाजपा मंडल कार्यालय के पास गन्ने के रस का ठेला लगाकर परिवार का पालनपोषण करते थे। हाईवे किनारे ही कोल्हू और इंजन रखने के लिए उन्होंने बनाई झोपड़ी बना रखी थी। रात को वह इसी झोपड़ी में रुक जाया करते थे। बताया गया कि शनिवार रात वह रोज की तरह काम खत्म करने के बाद झोपड़ी में सो गए।

आशंका जताई जा रही है कि रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच किसी अज्ञात हमलावर ने धारदार लोहे के हथियार से उन पर हमला कर दिया। रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पत्नी फूलवती चाय लेकर पहुंचीं तो पति का रक्तरंजित शव देखकर चीख पड़ीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी बिलारी अशोक कुमार, थाना प्रभारी कुंदरकी, कोतवाली मैनाठेर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। मृतक के दो बेटे प्रदीप उर्फ छोटे और जीतू सिंह अपनेअपने परिवार के साथ गांव में रहते हैं। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। कुंदरकी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आठ माह में 11 हत्याओं ने बढ़ाई चिंता 

कुंदरकी और कोतवाली मैनाठेर क्षेत्र में वर्ष 2026 के शुरुआती करीब आठ माह के दौरान हत्या की लगातार वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। करन सिंह की हत्या के बाद दोनों थाना क्षेत्रों में इस अवधि के दौरान हत्या के मामलों की संख्या 11 तक पहुंच गई है। इससे पहले कुंदरकी क्षेत्र में अनीस अहमद की गोली मारकर हत्या, खनुपुरा में युवक की गोली मारकर हत्या, जैतपुर पट्टीमोहनपुर मार्ग पर पुत्र द्वारा पिता की हत्या और फरहेदी गांव में भाई द्वारा बहन की गला रेतकर हत्या जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी तरह कोतवाली मैनाठेर क्षेत्र में जीजा द्वारा साली की हत्या, असालतनगर बघा में किशोर की हत्या, बघी गोवर्धनपुर में साली की हत्या कर शव कुएं में फेंकने और रसूलपुर हमीर में पति द्वारा पत्नी की ईंटों से कुचलकर हत्या जैसे मामले भी दर्ज हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *