
रायबरेली/शिवगढ़: शिवगढ़ क्षेत्र में रात से हुई मूसलाधार बारिश ने ग्रामीण इलाकों में जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। रात करीब 3 बजे से सुबह तक हुई तेज बारिश के बाद ग्राम पंचायत बैंती के कबिरादान में जलभराव की स्थिति बन गई और कई घरों में पानी घुस गया। अचानक घरों में पानी पहुंचने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और घरेलू सामान के नुकसान की भी बात सामने आई है।
नाले पर अतिक्रमण और कचरे से बिगड़ी स्थिति
कबिरादान गांव निवासी हिमांशु, लक्ष्मी प्रसाद, बुधई, मोलहे समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी वाले नाले पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इसके अलावा नाले में कूड़ाकचरा भी फेंका जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक इसी वजह से तेज बारिश होने पर पानी की निकासी बाधित हो जाती है और गांव में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है।
मूसलाधार बारिश के बाद कबिरादान से पंचायत भवन तक कई घरों में पानी घुस गया। इससे ग्रामीणों को काफी नुकसान उठाना पड़ा।
प्रधान प्रतिनिधि बोले नाले की सफाई कराई गई थी
बैंती प्रधान प्रतिनिधि जानकी शरण जायसवाल ने बताया कि बारिश से पहले श्रमिक लगाकर नाले में उगी खरपतवार की सफाई कराई गई थी। उन्होंने कहा कि रात में बहुत अधिक बारिश हुई, जबकि पूरे गांव के पानी की निकासी इसी नाले से होती है।
उनके अनुसार नाले से पानी धीरेधीरे निकल रहा है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। जहां कहीं पानी फंसा हुआ है, वहां नाले की दोबारा सफाई कराकर जल निकासी सुनिश्चित की जाएगी।
एक दर्जन से ज्यादा गांवों में जलभराव
शिवगढ़ क्षेत्र के केवल कबिरादान में ही नहीं, बल्कि गंगाखेड़ा, पिंडौली, अर्जुनगंज मजरे बंकागढ़, बेड़ारू, चितवनियां, गहोंबर, पिपरी, ढेकवा, पहाड़पुर और दहिगवां समेत एक दर्जन से अधिक गांवों में भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
बारिश के बाद कई स्थानों पर पानी भरने से ग्रामीणों को आवागमन समेत रोजमर्रा के कामों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि तेज बारिश के दौरान दोबारा घरों में पानी न घुसे।