
लखनऊ। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश में अब तक 7 लाख से अधिक आवासीय सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश, गुजरात के बाद देश में रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि करीब ढाई वर्षों में मिली यह सफलता प्रदेश सरकार की नीतियों, डिजिटल व्यवस्था, पारदर्शी कार्यप्रणाली, केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी योजनाओं तथा आम लोगों की बढ़ती भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि यूपी को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल कर रही है।
2000 मेगावाट से अधिक हुई सोलर क्षमता
प्रदेश में आवासीय रूफटॉप सोलर की कुल स्थापित क्षमता अब 2000 मेगावाट से अधिक हो गई है। इससे लाखों परिवारों को स्वच्छ और सस्ती बिजली मिल रही है। वहीं, बिजली बिल में कमी के साथ बड़ी संख्या में उपभोक्ता मुफ्त बिजली योजना का लाभ भी उठा रहे हैं। सरकार के अनुसार, सोलर ऊर्जा के उत्पादन से प्रतिदिन करोड़ों यूनिट स्वच्छ बिजली पैदा हो रही है, जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है।
सोलर सेक्टर में निवेश और रोजगार को बढ़ावा
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल सोलर पैनल लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सोलर मॉड्यूल निर्माण, डीसीआर पैनल, इन्वर्टर निर्माण, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली , डिजिटल ऊर्जा प्लेटफॉर्म और ऊर्जा सेवाओं जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे प्रदेश में निवेश बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और हरित औद्योगिक विकास को नई गति मिल रही है।
ये भी पढ़ें :