उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला अभी तय भी नहीं हुआ था कि सपा ने 5 सीटों पर उम्मीदवार उतार कर सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है. जिन पांच सीटों पर अखिलेश यादव ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं उनमें सहारनपुर की दो सीटें है. पहली बेहट और दूसरी सहारनपुर विधानसभा है. सूत्रों के मुताबिक, उम्मीदवार उतारे जाने के बाद यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद नाराज हो गए. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उनकी नाराजगी के पीछे वजह ये है कि वो खुद सहारनपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं.

सूत्रों के मुताबिक, बेहट और सहारनपुर में सपा द्वारा उम्मीदवार घोषित करने के एकतरफा फैसले पर इमरान मसूद ने कहा कि ये गठबंधन धर्म का पालन नहीं है. वे इस बारे में कांग्रेस आलाकमान से बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सहारनपुर की पांचों विधानसभा सीटों को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
इमरान मसूद, बेहट और सहारनपुर विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने पर अड़े हैं. इस बीच उन्होंने अखिलेश यादव के 26 सीट के साथ किए ट्वीट को लेकर भी नाराजगी जताई है. इमरान मसूद ने साफ कहा कि सपा को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सीधा जवाब दिया जाएगा. अभी वह कांग्रेस आलाकमान का इंतजार कर रहे हैं. उसके बाद अपना रूख सार्वजनिक करेंगे.
सीटबंटवारे की प्रक्रिया में आ सकती हैं मुश्किलें
दरअसल, सहारनपुर की राजनीति पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की मजबूत पकड़ है. कांग्रेस ने उन्हें सीटबंटवारे से जुड़ी चर्चाओं में भी शामिल किया है. इमरान मसूद सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर देहात विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की ओर से दावा पेश कर रहे हैं. ऐसे में, इन दोनों सीटों के लिए सपा द्वारा अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने से सीटबंटवारे की प्रक्रिया में मुश्किलें आ सकती हैं. इसके अलावा, इमरान मसूद सहारनपुर की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की ओर से दावा जता रहे हैं.
सपा के प्रस्ताव पर क्या बोले थे इमरान मसूद?
इससे पहले, समाजवादी पार्टी ने 403 सदस्यों वाली विधानसभा में कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग की थी. इस प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने कहा कि वे किसी के सामने “भीख” नहीं मांग रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि गठबंधन के भीतर फैसले आपसी सहमति और सहयोग से लिए जाते हैं.