रात होते ही मम्मी-पापा को खिला देती थी नींद की दवा, फिर बॉयफ्रेंड से… 8वीं की छात्रा की ऐसे खुली पोल

रात होते ही मम्मी-पापा को खिला देती थी नींद की दवा, फिर बॉयफ्रेंड से… 8वीं की छात्रा की ऐसे खुली पोल
Featured Image

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कक्षा 8 में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा अपने प्रेमी से मिलने के लिए घरवालों के खाने में नींद की दवा मिला रही थी। लंबे समय से चल रहे इस सिलसिले का खुलासा तब हुआ, जब शक होने पर पिता ने सोने का नाटक किया और बेटी को रंगेहाथों पकड़ लिया।

जानकारी के मुताबिक, छात्रा रात में परिजनों को बेहोश जैसी नींद में सुलाने के बाद घर से निकल जाती थी और अपने प्रेमी से मिलने जाती थी। छात्रा का प्रेमी पड़ोस में रहने वाला 22 वर्षीय युवक बताया जा रहा है। पिता ने गुलरिहा थाने में युवक के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

छात्रा के पिता मुंबई में पेंटिंग का काम करते हैं और करीब एक महीने पहले ही घर लौटे थे। घर आने के बाद उन्होंने बेटी के व्यवहार में बदलाव महसूस किया। वह घंटों मोबाइल पर बात करती रहती थी और अक्सर घर से गायब भी रहती थी। कई बार टोका जाने के बावजूद उसका व्यवहार नहीं बदला।

इसी बीच पिता ने गौर किया कि रात का खाना खाने के बाद उन्हें और परिवार के अन्य सदस्यों को असामान्य रूप से गहरी नींद आने लगती थी। उन्होंने यह बात पत्नी और घरवालों से साझा की, तो सभी ने एक जैसा अनुभव बताया। इससे पिता का शक और गहरा हो गया।

पिता ने पत्नी के साथ मिलकर एक योजना बनाई। 3 जनवरी की रात जब बेटी ने रोज की तरह खाना परोसा, तो दोनों ने खाना नहीं खाया और उसे छिपा दिया। इसके बाद वे सोने का नाटक करने लगे। रात करीब 11:30 बजे हल्की आहट सुनाई दी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। खिड़की से देखने पर उन्होंने देखा कि बेटी शॉल ओढ़कर घर से बाहर जा रही है।

माता-पिता ने चुपचाप उसका पीछा किया। करीब 200 मीटर दूर जाकर छात्रा पड़ोस में रहने वाले युवक के घर के अंदर चली गई। वहीं माता-पिता ने उसे युवक के साथ रंगेहाथों पकड़ लिया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर छात्रा टूट गई और उसने बताया कि वह करीब एक साल से युवक के संपर्क में है। उसी युवक ने उसे नींद की गोलियां उपलब्ध कराई थीं, जिन्हें वह खाने में मिलाकर परिजनों को दे देती थी, ताकि रात में घर से निकल सके।

मामले को लेकर पहले भी गांव में पंचायत हुई थी, जहां युवक ने दोबारा ऐसी हरकत न करने का वादा किया था। लेकिन उसके बाद भी उसने संपर्क नहीं तोड़ा। जब लड़की के परिजनों ने युवक के परिवार से शिकायत की, तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। गुलरिहा थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि नाबालिग छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *