रायबरेली में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान, बोले ‘अभी राम मंदिर नहीं, RSSभाजपा का कार्यालय है’

रायबरेली में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान, बोले ‘अभी राम मंदिर नहीं, RSSभाजपा का कार्यालय है’
रायबरेली में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान, बोले ‘अभी राम मंदिर नहीं, RSSभाजपा का कार्यालय है’

रायबरेली। रायबरेली जिले के शिवगढ़ में आयोजित गोविष्ठ गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा के दौरान जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने राम मंदिर को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “अभी राम मंदिर नहीं बना है। अभी तो वह आरएसएस और भाजपा का कार्यालय है। कोई किसी के कार्यालय में क्यों जाएगा। जब वह राम मंदिर बन जाएगा, तब वहां दर्शन करने जाएंगे।”

उन्होंने यह टिप्पणी शिवगढ़ नगर पंचायत के भवानीगढ़ गोल चौराहे पर स्वागत समारोह के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए की।

गोरक्षा के लिए निकाली जा रही है धर्मयुद्ध यात्रा

रविवार सुबह लगभग 8 बजे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती अपनी गोविष्ठ गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा के साथ तिलेण्डा स्थित जिलेदार ग्रीन्स मैरिज लॉन से रवाना हुए। यात्रा तिलेण्डा, रानीखेड़ा और गूढ़ा होते हुए करीब 8:30 बजे शिवगढ़ के भवानीगढ़ गोल चौराहे पर पहुंची।

यहां समाजवादी पार्टी के विधायक श्याम सुंदर भारती, पार्टी कार्यकर्ताओं और गौरक्षकों ने पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।

403 विधानसभा क्षेत्रों तक जाएगी यात्रा

शंकराचार्य ने कहा कि यह यात्रा गौ माता के प्राण और प्रतिष्ठा की रक्षा के उद्देश्य से निकाली गई है और उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान मतदाताओं से संवाद कर उन्हें गौरक्षा के मुद्दे पर मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं।

गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग

अपने संबोधन में उन्होंने गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग दोहराई। उन्होंने उपस्थित लोगों से संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि मतदाता उसी राजनीतिक दल का समर्थन करें जो गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने का वादा करे।

इसके बाद बाराबंकी के लिए रवाना हुई यात्रा

शिवगढ़ में कार्यक्रम के बाद शंकराचार्य की यात्रा बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ के लिए रवाना हो गई। इस अवसर पर सपा विधायक श्याम सुंदर भारती, जिला उपाध्यक्ष मुनेश्वर पासी, बछरावां विधानसभा अध्यक्ष बृजेंद्र चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष भानु प्रकाश पटेल, देवतादीन पासवान, ओम प्रकाश रावत, शिवगढ़ सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *