
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में तीन नाबालिग बहनों ने अपने ही पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां के जाने के बाद पिता की हरकतों से परेशान बच्चियों ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। पढ़िए पूरी खबर…
बड़वानी |24 सितंबर 2026| मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के मुहाला गांव में तीन नाबालिग बहनों ने अपने ही पिता पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। कलयुगी पिता की हरकतों से तंग आकर बच्चियों ने हिम्मत जुटाई और पुलिस के पास जाकर अपनी आपबीती सुनाई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
8 साल पहले छोड़कर चली गई थी मां
पीड़ित बालिकाओं ने पुलिस को बताया कि उनकी मां करीब आठ साल पहले ही परिवार को छोड़कर चली गई थी। मां के जाने के बाद से ही तीनों बहनें अपने पिता के साथ रह रही थी। बच्चियों की उम्र 14 साल, 11 साल और 10 साल बताई जा रही है। मां का साया सिर से उठने के बाद बच्चियों को उम्मीद थी कि पिता उनका ख्याल रखेगा, लेकिन पिछले कुछ समय में उनके साथ जो हुआ उसने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
डेढ़ साल से झेल रही थी प्रताड़ना
बालिकाओं का आरोप है कि उनका पिता पिछले एक से डेढ़ साल से उनके साथ गलत हरकतें कर रहा था। बच्चियों ने अपनी शिकायत में बताया कि पिता उनके शरीर के निजी अंगों को छूता था और उन्हें भी ऐसी हरकत करने के लिए मजबूर करता था। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। आखिरकार जब बर्दाश्त की हद पार हो गई, तो बच्चियों ने अपने रिश्तेदारों को इस बात की जानकारी दी और उनके साथ थाने पहुंचकर आरोपी पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस हिरासत में आरोपी पिता
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंधवा ग्रामीण थाना पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ओपी सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही तीनों पीड़ित बालिकाओं को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।