
जानकीपुरम में RTO दरोगा के घर दिनदहाड़े लूट की वारदात. एक युवक किराएदार बनकर घुसा, पत्नी पर केमिकल स्प्रे कर सोने की चेन छीन भागा. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की.
Lucknow RTO Officer House Robbery: राजधानी के जानकीपुरम में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब RTO दरोगा के घर को भी निशाना बनाने लगे हैं. जानकीपुरम के सीता विहार कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक युवक किराएदार बनकर आरटीओ दरोगा धीरेंद्र सिंह के घर में घुस गया और उनकी पत्नी शशि सिंह की आंखों में केमिकल स्प्रे डालकर सोने की चेन लूटकर फरार हो गया. पीड़िता की शिकायत पर जानकीपुरम पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाश की तलाश शुरू कर दी है.
कमरा देखने के बहाने घर में घुसा
शशि सिंह ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3 बजे एक युवक मुंह पर मास्क लगाकर उनके दरवाजे पर आया .उसने खुद को साईं स्टेट कॉलोनी में किराए पर रहने वाला बताया और कहा कि उसे एक कमरा किराए पर चाहिए. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। बात सुनकर उन्होंने उसे घर के अंदर बुला लिया और ग्राउंड फ्लोर का कमरा दिखाने लगीं. किराए की बात तय होने के बाद युवक ने पानी मांगा और कैब बुक करने की बात कहकर पोर्च में सीढ़ियों पर बैठ गया.
आंखों में स्प्रे डालकर चेन झपटी
आरोप है कि सीढ़ी पर बैठते ही युवक ने अचानक जेब से डिफेंस स्प्रे निकाला और शशि सिंह के चेहरे पर डाल दिया.स्प्रे लगते ही उनकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया और उन्हें कुछ दिखाई नहीं दिया. इसी का फायदा उठाकर बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और भागने लगा. शशि ने शोर मचाते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश मास्क फेंककर गली में दौड़ते हुए फरार हो गया.
CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश
इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. घटनास्थल और आसपास के घरों व दुकानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा.