वाराणसी में सो रहे तीन लोगों पर पत्थरों से हमला; साड़ी कारीगर की सिर कुचलकर हत्या, दो अन्य घायल

वाराणसी में सो रहे तीन लोगों पर पत्थरों से हमला; साड़ी कारीगर की सिर कुचलकर हत्या, दो अन्य घायल
वाराणसी में सो रहे तीन लोगों पर पत्थरों से हमला; साड़ी कारीगर की सिर कुचलकर हत्या, दो अन्य घायल

वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. हनुमान फाटक क्षेत्र में दुकानों के बाहर सो रहे तीन लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. हमले में 40 वर्षीय साड़ी कारीगर पप्पू विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जुट गई और लोगों में आक्रोश फैल गया. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.

भोर में सो रहे लोगों पर किया गया हमला

जानकारी के अनुसार आदमपुर के मुस्लिम बहुल हनुमान फाटक क्षेत्र में पप्पू विश्वकर्मा शुक्रवार रात काम समाप्त करने के बाद अपनी दुकान के बाहर सो रहे थे. उनके पास ही पान की दुकान चलाने वाले अशोक पासी उर्फ बाबा और गणेशु कनौजिया भी सोए हुए थे. स्थानीय लोगों के मुताबिक तड़के करीब तीन बजे कुछ हमलावर वहां पहुंचे और सो रहे लोगों पर अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. हमले में पप्पू विश्वकर्मा के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

दो अन्य लोग घायल, मौके पर पहुंचे विधायक-पुलिस अधिकारी

इस हमले में अशोक पासी उर्फ बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गणेशु कनौजिया को भी चोटें आईं. दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए. क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक नीलकंठ तिवारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा. लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया.

पुलिस को पुरानी रंजिश का शक

काशी जोन के एडीसीपी वैभव बांगर ने NDTV को बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद और पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया है. उन्होंने कहा कि घटना से पहले भी संबंधित पक्षों के बीच विवाद की जानकारी मिली है. शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई है. इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. हमलावरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *