
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: रिजर्व पुलिस लाइन आयोजित चार दिवसीय 69वीं पुलिस वैज्ञानिक प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को किया गया है। प्रतियोगिता में वार्षिक वैज्ञानिक अनुसंधान, पुलिस फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, कंप्यूटर, डॉग स्क्वाड एवं एंटी सेबोटाज चेक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। चार दिन तक चली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जोन की टीमों के 135 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में लखनऊ और मेरठ जोन के पुलिसकर्मियों का दबदबा कायम रहा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस. रहे।
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में 13 से 16 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समापन समारोह में आईजी किरण एस. ने कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी दक्षता आधुनिक पुलिसिंग की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ऐसी प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता में वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रोफेशनल पुलिस फोटोग्राफी की टीम चैंपियनशिप मेरठ जोन, वैज्ञानिक अनुसंधान में प्रयागराज जोन और फोटोग्राफी में रेडियो जोन उपविजेता रहे। कंप्यूटर प्रतियोगिता में रेडियो जोन विजेता और पीएसी पश्चिमी जोन उपविजेता बना। एंटी सेबोटाज चेक और वीडियोग्राफी प्रतियोगिता में लखनऊ जोन ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि क्रमश बरेली जोन और रेडियो जोन उपविजेता रहे। श्वान ट्रैकर प्रतियोगिता में भी लखनऊ जोन की टीम ने बाजी मारी।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में पीएसी पूर्वी जोन के प्लाटून कमांडर रायल सिंह ने विधि विज्ञान, गोरखपुर जोन के उपनिरीक्षक अरविंद यादव ने अंगुलि चिन्ह, मेरठ जोन के उपनिरीक्षक शारिक बेग और मुख्य आरक्षी पवन कुमार गौतम ने फोटोग्राफी की विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं मेरठ जोन के आरक्षी सन्नी मलिक ने हुलिया बयान और लखनऊ जोन के आरक्षी ऋषिकेश सिंह ने वीडियोग्राफी प्रतियोगिता में पदक जीते। समापन समारोह में डीसीपी लाइन्स अनिल कुमार यादव, विधि विज्ञान प्रयोगशाला के निदेशक प्रो. आदर्श कुमार, उपनिदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन्स राजेश कुमार यादव, प्रतिसार निरीक्षक बृजेंद्र कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और प्रतिभागी उपस्थित रहे।