
महमूदाबाद/सीतापुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी महमूदाबाद में रात एक मरीज को लेकर आए दो शराबी युवकों ने प्रसव कक्ष में घुसने से रोकने पर ड्यूटी पर तैनात महिला स्वीपर और स्टाफ नर्स के साथ मारपीट व अभद्रता की।
बताया जाता है कि सदरपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर निवासी राजकुमार और रामू रात करीब 10 बजे सीएचसी पहुंचे थे। नशे की हालत में दोनों प्रसव कक्ष में घुसने का प्रयास कर रहे थे। ड्यूटी पर मौजूद स्वीपर खुशबू ने जब उन्हें रोका तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बीचबचाव करने पहुंचीं स्टाफ नर्स प्रीति सिंह के साथ भी दोनों ने मारपीट व की।
घटना के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई। पीड़ित स्टाफ नर्स प्रीति सिंह ने महमूदाबाद कोतवाली में दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है, साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।