‘शादी करोगे तो पहले लिंग परिवर्तन कराओ’… जबरन सर्जरी का दबाव, 4 लाख और बुलेट लेने का आरोप; आगरा में किन्नर की दर्दभरी कहानी

‘शादी करोगे तो पहले लिंग परिवर्तन कराओ’… जबरन सर्जरी का दबाव, 4 लाख और बुलेट लेने का आरोप; आगरा में किन्नर की दर्दभरी कहानी
Featured Image

आगरा। आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक किन्नर की शिकायत सामने आई है, जिसमें उसने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक और आर्थिक शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता सूरज वर्मा उर्फ आयशा का आरोप है कि प्रेमी त्रिवेंद्र सिंह ने पहले शादी का भरोसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में स्त्री किन्नर बनने के लिए लिंग परिवर्तन ऑपरेशन कराने का दबाव बनाया।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उससे करीब 4 लाख रुपये और एक बुलेट मोटरसाइकिल ले ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्रिवेंद्र सिंह और उसकी पत्नी किरण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

दो साल पहले हुई थी त्रिवेंद्र से मुलाकात

पीड़िता के मुताबिक, करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात सिकंदरा क्षेत्र के लखनऊपुर निवासी त्रिवेंद्र सिंह से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि त्रिवेंद्र ने उसे पत्नी की तरह रखने और शादी करने का भरोसा दिया।

पीड़िता का कहना है कि इसी भरोसे के चलते वह त्रिवेंद्र के साथ अलग-अलग जगहों पर जाती रही। आरोप है कि इस दौरान त्रिवेंद्र उसे कई बार होटलों में ले गया, जहां दोनों के बीच संबंध बने।

शादी के लिए ऑपरेशन कराने का आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 8 दिसंबर 2025 की रात त्रिवेंद्र उसे एक होटल में लेकर गया। वहां उसने शादी के लिए लिंग परिवर्तन ऑपरेशन कराने का दबाव बनाया।

पीड़िता के अनुसार, त्रिवेंद्र ने कहा कि जब तक वह पुरुष किन्नर से स्त्री किन्नर बनने के लिए सर्जरी नहीं कराएगी, तब तक वह उससे शादी नहीं करेगा। आरोप है कि शादी का भरोसा मिलने के बाद वह दबाव में आ गई और उसने लिंग परिवर्तन की सर्जरी करा ली।

4 लाख रुपये और बुलेट लेने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उसकी शारीरिक और आर्थिक परेशानियां बढ़ गईं। उसने दावा किया कि त्रिवेंद्र ने पति-पत्नी की तरह साथ रहने के दौरान उससे करीब 4 लाख रुपये और एक बुलेट मोटरसाइकिल ले ली।

उसका यह भी आरोप है कि वह बधाई मांगकर जो कमाई करती थी, त्रिवेंद्र उस रकम को भी अपने पास रख लेता था। पीड़िता के मुताबिक, धीरे-धीरे उसकी आर्थिक स्थिति खराब होती चली गई।

पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिलने का दावा

पीड़िता ने बताया कि बाद में उसे पता चला कि त्रिवेंद्र पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी का नाम किरण है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। यह जानकारी मिलने के बाद उसने त्रिवेंद्र से अपने रुपये और बुलेट वापस मांगी।

आरोप है कि इसके बाद त्रिवेंद्र और किरण ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

आगरा छोड़कर बाराबंकी पहुंची

पीड़िता का कहना है कि ऑपरेशन के बाद उसे असहाय स्थिति में छोड़ दिया गया। कथित धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर वह आगरा छोड़कर बाराबंकी के हैदरगढ़ पहुंच गई। वहां वह अपनी गुरु चांदनी किन्नर के साथ रहने लगी और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी।

इसके बाद पीड़िता ने आगरा पुलिस कमिश्नर को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई, अपने रुपये और बुलेट वापस दिलाने तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्रिवेंद्र सिंह और किरण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों, लेनदेन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है। पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले में आरोपियों का पक्ष सामने आना बाकी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़े- भारत रत्न वैज्ञानिक CNR राव को SIR नोटिस वाली खबर गलत, चुनाव अधिकारी बोले- बिना नोटिस भेजे हुआ सत्यापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *