सहारनपुर अस्पताल से चोरी हुआ नवजात उत्तराखंड में बरामद, आरोपी बोली मेरा बच्चा नहीं है, इसलिए चुराया​

सहारनपुर अस्पताल से चोरी हुआ नवजात उत्तराखंड में बरामद, आरोपी बोली मेरा बच्चा नहीं है, इसलिए चुराया​

Saharanpur newborn baby theft: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के जिला महिला अस्पताल से चोरी हुआ नवजात बच्चा आखिरकार पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. प्रसव के महज 12 घंटे बाद ही एक अज्ञात महिला ने पिता को झांसा देकर बच्चे को उसकी गोद से उठाया और फरार हो गई थी. पुलिस ने 250 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपी महिला का पीछा किया और उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद से नवजात को सकुशल बरामद कर लिया. आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है.

मामला जनकपुरी थाना क्षेत्र के जिला महिला अस्पताल का है. देहात कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम ने अपनी पत्नी शबाना को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था. रविवार देर रात करीब 1:30 बजे शबाना ने बेटे को जन्म दिया. बच्चे के जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल था.

सोमवार दोपहर नाजिम नवजात को टीका लगवाने के लिए ऑपरेशन थिएटर के पास ले गया था. इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात महिला ने उससे बातचीत शुरू की. महिला ने बच्चे को अपनी गोद में ले लिया और नाजिम से टीकाकरण कार्ड लाने के लिए कहा. जैसे ही नाजिम कार्ड लेने के लिए वहां से हटा, महिला नवजात को लेकर फरार हो गई. अस्पताल के CCTV में सफेद कपड़े पहने महिला बच्चे को ले जाते हुए दिखाई दी.

250 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली

नवजात के चोरी होने की सूचना मिलते ही जनकपुरी पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस टीम ने अस्पताल के साथ आसपास के रास्तों और प्रमुख स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. पुलिस ने एकएक कर महिला के संभावित रास्तों को ट्रैक किया.

जांच के दौरान पुलिस को महिला के हरियाणा की तरफ जाने और फिर उत्तराखंड की ओर बढ़ने के सुराग मिले. पुलिस टीम ने 250 से ज्यादा CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग को ट्रैक किया और आखिरकार हरिद्वार जिले के बहादराबाद बाईपास तक पहुंच गई.

अस्पताल के बाहर बच्चे के साथ पकड़ी गई महिला

पुलिस के मुताबिक, बहादराबाद बाईपास स्थित जया मैक्सवेल अस्पताल के बाहर संदिग्ध महिला नवजात को गोद में लिए किसी व्यक्ति का इंतजार कर रही थी. पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर महिला को हिरासत में ले लिया. उसके पास मौजूद नवजात को सुरक्षित बरामद कर लिया गया.

लोगों से बोला था बेटा हुआ है

शुरुआती पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी महिला का अपना कोई बच्चा नहीं है और वह अपने पति से अलग रहती है. उसने अपने मोहल्ले के लोगों को फोन कर झूठा दावा किया था कि उसके बेटा हुआ है और वह बच्चे को लेकर घर लौट रही है. पुलिस के अनुसार, महिला ने नवजात को अपने पास रखने के लिए नए कपड़े और दूध पिलाने की बोतल भी खरीदी थी.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा चोरी की वारदात पहले से रची गई थी या महिला ने मौका देखकर इसे अंजाम दिया. इसके अलावा किसी गिरोह के शामिल होने की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है.

दो दिन बाद मां की गोद में लौटा मासूम

बच्चे के सकुशल वापस मिलने के बाद उसे उसकी मां शबाना को सौंप दिया गया. मासूम को अपनी गोद में लेकर मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. शबाना ने भावुक होकर कहा कि वह दो दिन से सोई नहीं थी और लगातार रो रही थी. बच्चे के सुरक्षित वापस मिलने पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया. पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर मामले की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है. मामले का विस्तृत खुलासा आज दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया जाएगा.

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *