सावन, अयोध्या और कांग्रेस का मछली भोज… अजय राय बोले- साबित कर दें तो इस्तीफा दे दूंगा, पूरी कहानी

सावन, अयोध्या और कांग्रेस का मछली भोज… अजय राय बोले- साबित कर दें तो इस्तीफा दे दूंगा, पूरी कहानी

एक भोज को लेकर यूपी की राजनीति में गजब का संग्राम छिड़ गया है. आमने-सामने भाजपा और कांग्रेस के नेता हैं, बीच-बीच में दूसरे दलों के नेताओं के बयान भी सामने आ रहे हैं. मामला यहां तक पहुंच गया कि यूपी के कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने यहां तक कह दिया कि साबित कर दें तो इस्तीफा दे दूंगा. दरअसल इस सियासी संग्राम की शुरुआत अयोध्या से हुई. जहां रविवार को निषाद समाज की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित की गई थी. इस कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय,  प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत कई नेता और कार्यकर्ता जुटे. जनसभा के दौरान बारिश भी हुई, फिर भी लोगों की भीड़ जुटी रही. लोग सिर पर कुर्सियां रखकर भींगते हुए भी सभा में मौजूद रहे. लेकिन इस कार्यक्रम के बाद सबसे ज्यादा चर्चा वहां हुए मछली भोज की शुरू हुई. जिसने एक सियासी संग्राम को जन्म दे दिया है.

अयोध्या में अजय राय के कार्यक्रम में हुए मछली भोज के आयोजन का वायरल वीडियो

हनुमानगढ़ी का दर्शन और फिर मछली भोज का दावतः सीएम योगी

कार्यक्रम में मछली पकाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. जिसके बाद भाजपा के कई नेताओं ने कांग्रेस पर तीखे हमले किए. CM योगी ने कहा- जब हम एक होकर लड़ाई बढ़ाएंगे तो देश की स्वाधीनता बनी रहेगी, अन्यथा कल देखा होगा कांग्रेस के लोग विरासत का कैसे अपमान करते हैं. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का आचरण देखा होगा, अयोध्या में हनुमान गढ़ी दर्शन करने जाते है और फिर मछली भोज की दावत उड़ाते हैं. ये राम-राम चिल्लाते है, बेशर्मी की भी सीमा होती है..

योगी ने फिर कहा किसने कहा था हनुमानगढ़ी जाने के लिए? मछली खानी थी तो अयोध्या के बाहर जाकर खा लेते. ये कांग्रेस का दोहरा आचरण है. उन्होंने यह भी कहा कि गिरगिट भी शरमा जाता होगा इन्हें देख कर. मनुष्य के रूप में ये कौन सी प्रजाति आ गई है जो राम-राम चिल्ला रहे हैं, बजरंग बली के मंदिर में दंडवत होने का ढोंग कर रहे और बाहर जाकर मछली की दावत उड़ा रहे हैं.

योगी ने यह भी कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पुराना इतिहास है. इनके भाई की हत्या एक माफिया ने की थी, और ये व्यक्ति उस माफिया के खिलाफ बयान देने नहीं गया, बल्कि उसके सामने घुटने टेक नतमस्तक हो गया. ये व्यक्ति उस दुर्दांत माफिया के सामने अपने भाई के हत्यारे के सामने घुटने टेक चुका था. हमारी सरकार आई, तब उसने रगड़कर उसकी भूसी निकाल दी,अन्यथा नहीं तो इन लोगों ने तो प्रदेश को माफिया प्रदेश बना दिया था.

अजय राय बोले- एक भी फोटो दिखा दें, मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं

सीएम के अलावा अन्य भाजपा नेताओं ने भी सावन में अयोध्या में मछली भोज के आयोजन को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला किया. इन आरोपों पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “कल निषाद समाज ने मुझे बुलाया गया था. मैं जब भी अयोध्या जाता हूं पहले हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन करता हूं और फिर कार्यक्रम में जाता हूं…निषाद समाज के कार्यक्रम में वे मछली का भोज करा रहे थे, ये उनका काम था. मैं कार्यक्रम में शामिल हुआ और वापस लखनऊ लौट आया. मछली पालना, पकड़ना और खाना निषाद समाज की जीवनशैली में है. भाजपा निषाद समाज का अपमान कर रही है, निषाद समाज इसे भूलेगा नहीं… अगर मुख्यमंत्री आलोचना कर रहे हैं और उनके पास कोई फोटो है तो दिखा दें. मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं.”

मछली भोज विवाद पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, “पवित्र सावन मास में अगर आप अयोध्या में मछली की दावत देंगे तो इससे एक बात बहुत साफ है कि आप सनातन के प्रति असहिष्णुता के साथ धर्मनिरपेक्षता के सूरमा बनने की प्रतिस्पर्धा में लगे हैं.”

मछली विवाद पर कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक दत्त ने कहा, मैं खुद उस कार्यक्रम में कल मौजूद था. अयोध्या में हम मात्र थोड़ी देर ही रुके, निषाद लोगों ने कार्यक्रम किया था, वो लोग मछली खाते हैं तो क्या बीजेपी निषाद समाज के खिलाफ हैं? BJP का मतलब सबसे बड़ी झूठी पार्टी.

मछली भोज तो बहाना है, असल मुद्दों से ध्यान भटकाना है: पवन खेड़ा

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, “ऐसे मुद्दे इसलिए उठाए जाते हैं ताकि पेपर लीक जैसे जरूरी मुद्दे न उठें. आज जब लोग अयोध्या के बारे में सोचते हैं, तो उन्हें चंदे की चोरी याद आती है. क्या ‘माछ-भात’ लोगों को अयोध्या में चंदे की चोरी भूला सकता है? नागपुर में लोग सोचते हैं कि मछली नहीं खानी चाहिए. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पवन खेड़ा ने अपने बयान में यह भी बताया कि अजय राय शाकाहारी हैं, अगर वे नहीं भी होते, तो इसमें क्या गलत है?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *