Barnala Breaking News Today: पंजाब के बरनाला जिले के फरवाही गांव में मशहूर पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है. मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन युवकों ने सिंगर के घर के गेट को निशाना बनाते हुए करीब 7 से 8 राउंड फायर किए. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। राहत की बात यह रही कि गोलीबारी में परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ. वारदात के समय गुलाब सिद्धू अपने म्यूजिकल शो और लाइव प्रोग्राम्स के सिलसिले में विदेश में मौजूद थे.

वारदात का एक सीसीटीवी/मोबाइल वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमले की पूरी घटना साफ दिखाई दे रही है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ही बाइक पर सवार तीन युवक गुलाब सिद्धू के घर के पास आकर रुकते हैं. बाइक के बीच में बैठा युवक पिस्टल लोड कर घर के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देता है, जबकि उसके पीछे बैठा दूसरा युवक भी गोलियां चलाता नजर आ रहा है. इस दौरान बाइक चला रहा तीसरा युवक अपने मोबाइल से इस पूरी वारदात की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था. गोलियां चलाकर तीनों मौके से फरार हो गए.
गैंगस्टर डोनी बल का ऑडियो आया सामने
घटना के बाद एक कथित ऑडियो मैसेज सामने आया है, जिसमें गैंगस्टर डोनी बल ने गुलाब सिद्धू के घर पर गोलियां चलवाने की बात कबूल की है. हालांकि, पुलिस और स्थानीय मीडिया इस ऑडियो की सत्यता की जांच कर रहे हैं. गुलाब सिद्धू दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के बेहद करीबी दोस्तों में से एक हैं. मूसेवाला की हत्या के बाद से ही गुलाब सिद्धू को भी लगातार जान से मारने की धमकियां और फिरौती के फोन आ रहे थे. धमकियों और सुरक्षा इनपुट के आधार पर पंजाब पुलिस ने उन्हें पहले ही दो सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए हुए हैं.
जनवरी 2026 में भी हुई थी हमले की नाकाम कोशिश
यह पहली बार नहीं है जब गुलाब सिद्धू अपराधियों के निशाने पर आए हों. इससे पहले 10 जनवरी 2026 को बरनाला पुलिस ने गायक पर हमले की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी साजिश को नाकाम किया था. उस मामले का मुख्य साजिशकर्ता कोटदूना गांव का सरपंच बलजिंदर सिंह था, जो गुलाब सिद्धू के मशहूर गाने ‘सरपंचियां’ के बोलों से नाराज था. वह एक लाइव शो के दौरान सिंगर पर हमला कर इलाके में खौफ पैदा करना चाहता था ताकि बाद में मोटी फिरौती वसूली जा सके.
जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू की. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गांव के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स के साथसाथ मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है. फॉरेंसिक टीमों ने मौके से खाली कारतूस और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.