
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे। दौरे की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री बलरामपुर स्थित मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शनपूजन करेंगे और गोसेवा कार्यक्रम में भी शामिल हो सकते हैं। गोरखपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री तारामंडल स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यहां वह शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के 892 बूथ अध्यक्षों को संबोधित करेंगे और आगामी चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत करने के लिए दिशानिर्देश देंगे।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की अपील
बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चुनाव की जीत का आधार बूथ स्तर का संगठन होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन को और मजबूत बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष झूठे विमर्श के सहारे राजनीति करता है, जबकि भाजपा सच और जनता के भरोसे के साथ खड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब दें। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि झूठ को बारबार दोहराने से वह सच नहीं बन जाता। उन्होंने कहा कि सच कुछ समय के लिए छिप सकता है, लेकिन अंत में सामने आता है और लोगों का विश्वास हासिल करता है।
2024 लोकसभा चुनाव का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए गैरसरकारी संगठनों के माध्यम से अभियान चलाया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव की असली लड़ाई बूथ पर होती है। मजबूत संगठन, सही रणनीति और जनता से लगातार संवाद के जरिए ही बूथ जीता जा सकता है।
दूसरे दिन जनता दर्शन और फ्लाईओवर का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे। दौरे के दूसरे दिन सुबह मंदिर में पूजाअर्चना के बाद जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनेंगे और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री देवरिया बाईपास पहुंचेंगे, जहां आधुनिक छह लेन फ्लाईओवर का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा जनकल्याण, सामाजिक एकता और सकारात्मक सोच के साथ काम करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।