
सुलतानपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को अपना दल ने जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरनाप्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष मौलाना पंडित अर्जुन सिंह पटेल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुरेश पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर किसानों से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष सुरेश पटेल ने आरोप लगाया कि सरकारी नीतियों के कारण किसान लगातार कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूरिया की बोरी का वजन घटाने, कीमत बढ़ने, डीएपी और यूरिया की कथित कृत्रिम कमी तथा कालाबाजारी से किसानों की परेशानियां बढ़ी हैं। उन्होंने खाद वितरण प्रक्रिया को सरल बनाने और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की।
जिलाध्यक्ष मौलाना पंडित अर्जुन सिंह पटेल ने ज्ञापन के माध्यम से पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण नीति की समीक्षा, बिजली की अनियमित कटौती पर रोक, बढ़ते अपराध एवं भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और छुट्टा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।
धरनाप्रदर्शन को सुरेंद्र पटेल, बृजलाल विश्वकर्मा और घनश्याम पटेल सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसान, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।