
सुल्तानपुर। जिले के लम्भुआ थाना क्षेत्र के तुराबखानी गांव में लाइट का काम करते समय करंट लगने से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक की पहचान दुर्गेश, पुत्र मुरली, निवासी ग्राम कुबेरशाह पट्टी, थाना लम्भुआ के रूप में हुई है।
काम के दौरान करंट लगने से गई जान
परिजनों के अनुसार, दुर्गेश मजदूरी करने के लिए तुराबखानी गया था। बुधवार देर रात करीब 12 बजे काम के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने लगाया जबरन काम कराने का आरोप
घटना के बाद मोर्चरी हाउस के बाहर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जुट गए। मृतक की बहन दीपा और जीजा रिंकू का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार दुर्गेश से जबरदस्ती लाइट का काम करवाते थे।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीन महीने पहले हुई थी शादी
दुर्गेश की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।