‘सोई थीं मां, पापा चेक कर रहे थे…’ 10 साल की बेटी ने दी गवाही, पत्नी की हत्या में पति पहुंचा जेल

‘सोई थीं मां, पापा चेक कर रहे थे…’ 10 साल की बेटी ने दी गवाही, पत्नी की हत्या में पति पहुंचा जेल
Featured Image

Delhi Crime News: दिल्ली के आनंद पर्वत थाने की पुलिस ने पंजाबी बस्ती, बलजीत नगर में हुई 32 साल की महिला की हत्या के मामले में उसके पति को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 24 साल के चंद्रपाल भाटी निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को महिला की संदिग्ध हालत में मौत की सूचना मिली थी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला एक कमरे में मृत मिली.

महिला अपने पति, दो नाबालिग बेटियों और मां के साथ रहती थी. जांच के दौरान महिला की करीब 10 साल की बेटी ने पुलिस को बताया कि तड़के करीब 3:45 से 4 बजे के बीच उसकी आंख खुली तो उसने अपने पिता को मां के पास देखा. पिता उसकी सांस चेक कर रहे थे. इसके बाद वह घर से बाहर चले गए. कुछ देर बाद बेटी ने देखा कि मां कोई जवाब नहीं दे रही थी.

घटनास्थल की ली गईं तस्वीरें

पुलिस ने शव की जांच की तो कोई स्पष्ट बाहरी चोट नहीं मिली, लेकिन गर्दन के बाईं तरफ नाखून जैसे निशान मिले. मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने जांच की और घटनास्थल की तस्वीरें लीं. महिला को एलएचएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बाद में पोस्टमार्टम कराया गया.

पुलिस के मुताबिक, बेटी के बयान और परिस्थितिजन्य सबूतों के आधार पर महिला के पति पर शक हुआ. इसके बाद आनंद पर्वत थाने में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी को बुलंदशहर के वैर से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या करने की बात बताई.

आरोपी ने पुलिस को क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि उसका पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता था और दोनों के बीच रिश्ते तनावपूर्ण थे. एक विवाद के बाद उसने कथित तौर पर पत्नी का गला दबा दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *