
भरखनी/शाहाबाद । विकासखंड भरखनी के ग्राम मैकपुर के ग्रामीणों ने गांव के मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति तथा गंदे पानी के जलभराव की समस्या को लेकर जिलाधिकारी हरदोई को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क पूरी तरह बदहाल है और नालियों की समुचित व्यवस्था न होने के कारण गंदा एवं बदबूदार पानी मुख्य मार्ग पर भरा रहता है, जिससे लोगों का आवागमन अत्यंत कठिन हो गया है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, यह मार्ग गांव को मुख्य बाजार और स्थानीय सरकारी विद्यालय से जोड़ता है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। सड़क जगहजगह से टूट चुकी है और बड़ेबड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल जाने वाले छोटेछोटे बच्चों को प्रतिदिन कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनकी यूनिफॉर्म और किताबें खराब हो जाती हैं। वहीं जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बाजार जाने, राशन व अन्य आवश्यक सामान लाने में भारी परेशानी होती है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों के लिए इस मार्ग से निकलना बेहद कठिन हो गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। मजबूर
होकर गांव के लोगों ने सामूहिक रूप से जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था तथा आवश्यक निर्माण कार्य जल्द कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि जनहित को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई कर गांववासियों को इस गंभीर समस्या से राहत दिलाई जाए।