Barabanki girl murder case: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में 11 साल की लड़की की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. पालपुर गांव में 5 नवंबर की रात से लापता लड़की का शव गांव के पास एक कुएं में मिला. परिजनों ने गांव के ही उत्तम सिंह पर हत्या का आरोप लगाया था. देर रात ग्राम पोखरा के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर की रात पालपुर गांव से 11 वर्षीय बालिका के लापता होने की सूचना मिली थी. इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड, फील्ड यूनिट और पांच पुलिस टीमों को खोजबीन में लगाया गया.
काफी तलाश के बाद लड़की का शव गांव के पास स्थित एक कुएं से बरामद हुआ. शव मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांचपड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों ने गांव के ही उत्तम सिंह पर बच्ची को गायब करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया था.
पुलिस ने घेराबंदी की तो करने लगा फायरिंग
बालिका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उत्तम सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया. पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी.
इसी दौरान शुक्रवार देर रात ग्राम पोखरा के पास पुलिस टीम का सामना आरोपी उत्तम सिंह से हो गया. पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देखकर आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई. इस दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी. पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.
रेप की आशंका से भी इनकार नहीं
एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि शुरुआती जांच में बालिका के साथ रेप किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. आरोपी पर बालिका की हत्या करने के बाद शव कुएं में फेंकने का भी आरोप है. हालांकि, मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. एसपी के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जाएगा. पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है, ताकि वारदात की पूरी कड़ी सामने आ सके.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी उत्तम सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ पहले से चोरी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है. साथ ही घटनास्थल से मिले सबूतों और अन्य जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बालिका की मौत की वजह और उसके साथ हुई संभावित वारदात की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.