बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पहली बार नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर सीधे हमला बोला है. मायावती ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर आजाद को बीजेपी ने जितवाया और उनका अपना कोई जनाधार नहीं है. उन्होंने दलित समाज से अपील की कि वे नगीना सांसद के बहकावे में न आएं. मायावती ने यह भी आरोप लगाया कि चंद्रशेखर आजाद धरनाप्रदर्शन कराकर युवाओं पर मुकदमे दर्ज करवाते हैं, जबकि उन्हें न्याय दिलाने की कोशिश करनी चाहिए.

बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा, ‘BSP ने शुरू से ही EVM के द्वारा वोटिंग कराने का खुलकर विरोध किया है… BSP ने EVM द्वारा चुनाव की प्रक्रिया को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने EVM प्रक्रिया को खत्म करने की जगह EVM के साथ एक VVPAT मशीन लगाए जाने की प्रक्रिया लागू करने का आदेश दे दिया… इस VVPAT के लगाए जाने का कोई भी फायदा नहीं हुआ क्योंकि EVM मशीन से गिनती के दौरान सभी VVPAT के वोट नहीं गिने जाते हैं.’
‘वोटर को संदेह नहीं होना चाहिए’
मायावती ने कहा कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार देता है… इसी अधिकार के जरिए जनता अपनी पसंद की सरकार चुनती है… संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत चुनाव कराने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है. मायावती ने कहा कि हर मतदाता को अपनी पसंद के उम्मीदवार या पार्टी को वोट देने की स्वतंत्रता होनी चाहिए और उसका वोट उसी के पक्ष में गिना जाना चाहिए… मतदाता के मन में यह संदेह नहीं होना चाहिए कि उसका वोट किसी दूसरे के खाते में चला गया या उसकी गिनती किसी और उम्मीदवार के पक्ष में हुई.
‘लोकतंत्र पर लोगों का भरोसा कमजोर होगा’
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं के मन में संदेह पैदा होने से लोकतंत्र पर उनका भरोसा कमजोर हो सकता है… चुनाव आयोग को ऐसी सभी भ्रांतियों को दूर करना चाहिए, ताकि लोगों का विश्वास चुनाव प्रक्रिया में बना रहे. उन्होंने कहा कि देश में करीब पांच दशक तक बैलेट पेपर के जरिए चुनाव होते रहे… मतदान के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतपत्रों को खोला और गिना जाता था… बाद में EVM के जरिए मतदान की व्यवस्था शुरू हुई.
मायावती ने EVM पर उठाए सवाल
मायावती ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, उस समय BJP की ओर से भी EVM को लेकर सवाल उठाए गए थे… BJP की ओर से तब कहा गया था कि EVM एक मशीन है और उसमें लगी इलेक्ट्रॉनिक चिप को प्रभावित किया जा सकता है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय EVM से संबंधित एक किताब प्रकाशित कर मशीन के इस्तेमाल पर सवाल उठाए गए थे. हालांकि, सत्ता में आने के बाद BJP ने EVM व्यवस्था को खत्म करने के बजाय इसे जारी रखा.
चंद्रशेखर आजाद पर मायावती का बड़ा आरोप
मायावती ने नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का नगीना में कोई खास जनाधार नहीं था, इसके बावजूद वह चुनाव जीत गए. मायावती ने आरोप लगाया कि EVM में गड़बड़ी के जरिए बीजेपी ने उन्हें चुनाव जितवाया और चंद्रशेखर BJP के इशारे पर काम करते हैं. मायावती ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर अधिकारियों से मिलने और धरनाप्रदर्शन करने पहुंच जाते हैं… युवाओं को गुमराह करते हैं, इसके बाद कई युवा कोर्टकचहरी के मामलों में फंसकर अपना भविष्य बर्बाद करने को मजबूर हो जाते हैं.