
बाराबंकी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बाराबंकी के रामनगर विधानसभा क्षेत्र स्थित श्री लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में पूरे विधिविधान से दर्शनपूजन किया। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन महादेवा कॉरिडोर का अवलोकन किया, श्रावण मास मेले की तैयारियों और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनगर और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए 542.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया और जनसभा को संबोधित किया।
542 करोड़ की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल 82 परियोजनाओं में 56 परियोजनाओं का शिलान्यास 409.09 करोड़ रुपये तथा 28 परियोजनाओं का लोकार्पण 133.31 करोड़ रुपये की लागत से किया गया।
- दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में 260.12 करोड़ रुपये की लागत से 46 परियोजनाएं ।
- रामनगर विधानसभा क्षेत्र में 282.28 करोड़ रुपये की लागत से 36 परियोजनाएं ।
इन परियोजनाओं में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किए जा रहे भव्य महादेवा कॉरिडोर का शिलान्यास भी प्रमुख रूप से शामिल है।
‘लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं’
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सोमवार के दिन लोधेश्वर महादेव के दर्शन कर मन शांत और प्रफुल्लित हो उठा। उन्होंने कहा कि देश 1947 में आजाद हो गया, लेकिन आज तक लोधेश्वर महादेव का समुचित विकास नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने कब्रिस्तान की बाउंड्री पर ध्यान दिया, लेकिन लोधेश्वर महादेव, पारिजात वृक्ष और हॉकी के महान खिलाड़ी केडी सिंह बाबू जैसी ऐतिहासिक धरोहरों की उपेक्षा की गई। अब महादेवा कॉरिडोर बनने के बाद यहां दूरदूर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तर्ज पर गोला गोकरणनाथ और मां विंध्यवासिनी धाम का भी विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज काशी और अयोध्या आने वाले श्रद्धालु वहां की व्यवस्थाओं को देखकर आनंदित होते हैं।
केडी सिंह बाबू की हवेली को बनाया जाएगा संग्रहालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में केडी सिंह बाबू की हवेली बिकने की नौबत आ गई थी, लेकिन उनकी सरकार ने हवेली को बिकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने उसकी कीमत चुकाकर अब उसे भव्य संग्रहालय के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद और केडी सिंह बाबू ने भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। ऐसे महान खिलाड़ियों की स्मृतियों को संरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने जनपद से जुड़े महापुरुषों का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने जिस स्थान पर सालार मसूद को पराजित किया था, वहां उनकी सरकार ने भव्य सुहेलदेव कॉरिडोर का निर्माण कराया है। सरकार उन सभी महापुरुषों को सम्मान देने का कार्य कर रही है जिन्होंने देश और समाज के लिए योगदान दिया।
सपा और कांग्रेस पर साधा राजनीतिक निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस सनातन धर्म को बांटने का काम करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में जनता का पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री पर खर्च किया जाता था, जबकि महापुरुषों और धार्मिक स्थलों के विकास पर ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी और दुर्गा अष्टमी जैसे आयोजनों पर रोक लगाने की कोशिश की जाती थी। साथ ही कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में अवैध हथियार और बम बनाने का काम होता था, जबकि आज लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार किसी के साथ भेदभाव नहीं करती, लेकिन यदि कोई बेटियों या व्यापारियों को परेशान करेगा तो उसकी जगह जेल या जहन्नुम में होगी।
‘आज यूपी की पहचान बदल चुकी है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जब लोग उत्तर प्रदेश का नाम सुनते थे तो संदेह की नजर से देखते थे, लेकिन आज प्रदेश की सकारात्मक पहचान बनी है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास को नई गति मिली है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर लखनऊ में बन रही जीपीएनआईसी बिल्डिंग वर्षों तक अधूरी रही और उसमें भी भ्रष्टाचार हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोमती रिवर फ्रंट परियोजना में भी पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान लूट हुई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने जनता को लूटने का काम किया, जबकि वर्तमान सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकारी नौकरियां बिना भ्रष्टाचार के दी जा रही हैं और प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बाढ़ सुरक्षा के लिए भी व्यापक इंतजाम किए हैं।
‘बाराबंकी के दोनों हाथों में लड्डू’
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाराबंकी के लिए सबसे बड़ी बात यह है कि एक ओर लखनऊ और दूसरी ओर अयोध्या है। दोनों शहरों का विकास निश्चित रूप से बाराबंकी को भी लाभ पहुंचाएगा। उन्होंने जनता से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि वे सत्ता में आए तो जनता का नुकसान करेंगे।
लोधेश्वर मंदिर के सामने सड़क होगी फोरलेन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोधेश्वर महादेव मंदिर के सामने की सड़क को फोरलेन बनाने के निर्देश जिलाधिकारी बाराबंकी को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव भेजते ही सरकार इसके लिए धन उपलब्ध कराएगी।
खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा की सराहना
मुख्यमंत्री ने दरियाबाद विधायक एवं खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वे केवल अपनी विधानसभा ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राशन वितरण व्यवस्था में कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाई गई है और गरीबों को उनके हिस्से का राशन मिल रहा है।
2027 विधानसभा चुनाव का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस बार बाराबंकी की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक बनने चाहिए। उन्होंने रामनगर विधानसभा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां सपा विधायक के जीतने के बाद विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने लोधेश्वर महादेव के शिवलिंग पर कमल का फूल अर्पित किया और यह भगवान का आशीर्वाद है कि आगामी चुनाव में जिले की सभी छह सीटों पर भाजपा की जीत होगी। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर से उनका प्रस्थान हुआ।