Kanpur News : बारिश से चरमराई बिजली व्यवस्था, 90 इलाकों में घंटों गुल रही सप्लाई; दो लाख लोग हुए परेशान

Kanpur News : बारिश से चरमराई बिजली व्यवस्था, 90 इलाकों में घंटों गुल रही सप्लाई; दो लाख लोग हुए परेशान
Kanpur News : बारिश से चरमराई बिजली व्यवस्था, 90 इलाकों में घंटों गुल रही सप्लाई; दो लाख लोग हुए परेशान

कानपुर, अमृत विचार। शहर में रविवार रात से शुरू हुई बारिश ने सोमवार को बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। ट्रांसफॉर्मर फॉल्ट और तकनीकी खराबियों के चलते शहर के करीब 90 इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इससे लगभग दो लाख लोगों को चार से नौ घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती के कारण कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही।

कई क्षेत्रों में 8 से 9 घंटे तक नहीं आई बिजली

घंटाघर एक्सप्रेस रोड क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण सुबह से रात करीब 8 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं पशुपति नगर, श्याम नगर, यशोदा नगर और आवास विकास1 समेत कई इलाकों में भी ट्रांसफॉर्मर फॉल्ट के कारण पूरे दिन बिजली गुल रही। आवास विकास1 क्षेत्र में करीब 9 घंटे तक बिजली नहीं आई।

इसके अलावा कैलाश विहार, कल्याणपुर, अहिरवां, यादव नगर, न्यू शिवली, विकास नगर, गोविंद नगर, पनकी, लाजपत नगर, देवीगंज, मानस विहार, जेके कॉलोनी, जाजमऊ, जरीब चौकी, भन्नापुरवा, हैरिसगंज, कृष्णा नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, सिंहपुर बिठूर, अवधपुरी और बाबूपुरवा सहित कई इलाकों में चार से पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

बिजली के साथ पेयजल संकट भी गहराया

लंबे समय तक बिजली न रहने से लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। प्रभावित उपभोक्ताओं का आरोप है कि केस्को ने बारिश से पहले पर्याप्त तैयारी नहीं की, जिसके कारण मामूली बारिश में भी शहर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि 1912 टोलफ्री नंबर और संबंधित सबस्टेशनों पर शिकायत करने के बावजूद समय पर समस्या का समाधान नहीं हुआ।

केस्को का पक्ष

केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र वर्मा ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर तकनीकी फॉल्ट आ गए थे, जिससे बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित हुई। उन्होंने कहा कि केस्को की टीमों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य किया और चरणबद्ध तरीके से सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *