Hardoi News: रोडवेज बस अड्डे पर बड़ा हादसा, दो बसों के बीच फंसकर गेंहू की तरह पिस गई महिला वर्कर, हादसा देख सहम उठे लोग

Hardoi News: रोडवेज बस अड्डे पर बड़ा हादसा, दो बसों के बीच फंसकर गेंहू की तरह पिस गई महिला वर्कर, हादसा देख सहम उठे लोग
Hardoi News: रोडवेज बस अड्डे पर बड़ा हादसा, दो बसों के बीच फंसकर गेंहू की तरह पिस गई महिला वर्कर, हादसा देख सहम उठे लोग

हरदोई, अमृत विचार। हरदोई रोडवेज बस अड्डे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में फार्मा कंपनी की 41 वर्षीय कर्मचारी की दो रोडवेज बसों के बीच फंसने से मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद बस अड्डे पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

मीटिंग में जाने के लिए पहुंची थीं बस अड्डे

पुलिस के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र के खेतुई गांव निवासी नेहा सिंह पत्नी स्वर्गीय सर्वेश सिंह एक फार्मा कंपनी में कार्यरत थीं। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। बुधवार सुबह वह उन्नाव के बांगरमऊ में आयोजित कंपनी की बैठक में शामिल होने के लिए रोडवेज बस अड्डे पहुंची थीं। बताया गया कि वह प्लेटफॉर्म से उतरकर बस की ओर बढ़ रही थीं। इसी दौरान हरदोई और कन्नौज डिपो की बसों के बीच फंस गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने शोर मचाकर चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं।

अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

घटना के तुरंत बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाली शहर के प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

10 साल पहले सड़क हादसे में हुई थी पति की भी मौत

यह हादसा परिवार के लिए दूसरी बड़ी त्रासदी बनकर सामने आया है। वर्ष 2016 में नेहा सिंह के पति सर्वेश सिंह, जो पेशे से चालक थे, एक सड़क दुर्घटना में डीसीएम और ट्रक के बीच फंसने से जान गंवा चुके थे। पति की मौत के बाद नेहा सिंह ने फार्मा कंपनी में नौकरी कर परिवार की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके परिवार में 15 वर्षीय बेटी रिया सिंह और 11 वर्षीय बेटा विवेक सिंह हैं। अब मां की असमय मौत के बाद दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं।

डिपो प्रभारी बोले जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई

हरदोई डिपो प्रभारी वैभव रघुवंशी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मृतका से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई गई है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *