
महाराष्ट्र के कल्याण से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक किराए के फ्लैट के बाथरूम से बोरे में बंद 37 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया है। मामले में एक महिला पर हत्या का आरोप है। पुलिस का कहना है कि घटना के खुलासे में एक वॉयस मैसेज अहम सुराग साबित हुआ।
यह मामला कल्याण के मलंग रोड स्थित नीलकंठ सोसायटी का है। स्थानीय लोगों ने फ्लैट से तेज बदबू आने की शिकायत पुलिस से की थी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। मौके पर पहुंची मानपाड़ा पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर तलाशी ली, जहां बाथरूम में रखे एक बोरे से युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान हमीदुल्लाह इस्लाम (37) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शव काफी हद तक सड़ चुका था। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि युवक की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई। इसके बाद शव को बोरे में भरकर बाथरूम में छिपा दिया गया। फोरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं और उनकी जांच की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग मिला। अधिकारियों के मुताबिक, फ्लैट के मालिक को हसीबा नाम की महिला का एक वॉयस मैसेज मिला था। पुलिस का दावा है कि इस संदेश में महिला ने कथित तौर पर हत्या की जानकारी दी और बताया कि शव बाथरूम में रखा है। साथ ही यह भी कहा गया कि बाथरूम का नल खुला छोड़ दिया गया है। इसके बाद फ्लैट मालिक ने पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर शव बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला घटना के बाद फरार हो गई और उसके कोलकाता भागने की आशंका है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की गई है। मामले की जांच जारी है।