
हरदोई, अमृत विचार। अमर शहीद मेजर पंकज कुमार पांडे की पंचम पुण्यतिथि पर बुधवार को सीतापुर रोड स्थित स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि सभा एवं उनकी प्रतिमा के अनावरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी ने की।
‘मेजर पंकज भारत माता के अमर सपूत’ : बृजेश पाठक
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मेजर पंकज कुमार पांडे के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भारत माता का अमर सपूत बताया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे वीरों के मातापिता पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनका त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा।
हरदोई मेडिकल कॉलेज का नाम शहीद के नाम पर रखने का आश्वासन
बृजेश पाठक ने पूर्व सैनिकों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि शहीद के पिता अवधेश कुमार पांडे द्वारा सौंपे गए मांगपत्र पर हरदोई मेडिकल कॉलेज का नाम अमर शहीद मेजर पंकज कुमार पांडे के नाम पर रखने के प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
लेफ्टिनेंट जनरल ने साझा किए सैनिक जीवन के अनुभव
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सैनिकों के त्याग, समर्पण और संघर्ष से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान सदैव सर्वोच्च रहेगा।
पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद के भाई आशीष पांडे ने मुख्य अतिथि का स्वागत कर की। पूर्व सैनिक वेलफेयर फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष कैप्टन अशोक कुमार अग्निहोत्री, उपाध्यक्ष सूबेदार महेंद्र पाल सिंह तथा सैनिक प्रकोष्ठ के संयोजक हवलदार पुष्पेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य अतिथियों ने भी स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पी.के. वर्मा, एमएलसी अवनीश कुमार सिंह, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ‘रानू’, नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा ‘मधुर’, डॉ. सुशील चंद्र त्रिवेदी, डॉ. पवन पुत्र बादल, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सिख बटालियन के जवान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. देश दीपक शुक्ल ने किया।