
संग्रामगढ़/प्रतापगढ़,अमृत विचार : रामपुर संग्रामगढ़ ब्लॉक के बवलिया बाजीयाफ्त को जाने वाली संग्रामगढ़मंगरहरहिरई का पुरवा संपर्क मार्ग की हालत बदतर हो चुकी है। लंबे समय से देखरेख और मरम्मत न होने के कारण सड़क जगहजगह बड़ेबड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। बरसात के कारण इन गड्ढों में लबालब पानी भर गया है। राहगीरों तथा वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, हिरई का पुरवा में ग्राम प्रधान के घर के पास सड़क की स्थिति सबसे अधिक दयनीय है। यहां सड़क पर इतना जलभराव हो जाता है कि यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क। इस जलभराव और गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक अपना संतुलन खोकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं।
संग्रामगढ़मंगरहरहिरई का पुरवा संपर्क मार्ग पर जलभराव और बड़े गड्ढों के बीच आवागमन करते राहगीर।
इसी जर्जर रास्ते से होकर स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रछात्राएं भी गुजरने को मजबूर हैं, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे का डर बना रहता है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। आजाद पांडेय, वहीद, पिंटू लाला, संदीप पटेल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि कई बार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को सड़क की इस बदहाल स्थिति से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
आरोप है कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण क्षेत्रवासियों को रोजाना इस नरकीय स्थिति को झेलना पड़ रहा है। चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से सड़क के गड्ढों को तत्काल भरवाकर पक्की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।