Kannauj road accident: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चौथे की हालत गंभीर है. चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल एक युवक को कानपुर रेफर किया गया है.

यह हादसा कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ. अगौस गांव के रहने वाले चार दोस्त देर रात बाजार गए थे. वहां से चारों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक कचाटीपुर के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी.
इंदरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार चारों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे. हादसे में सभी को गंभीर चोटें आईं. दुर्घटना के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई. आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक वाहन चालक मौके से फरार हो चुका था. हादसे की सूचना मिलते ही इंदरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मनीष, वेदप्रकाश और विजय को मृत घोषित कर दिया.
वहीं, चौथे युवक आशीष की हालत बेहद गंभीर थी. डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत में गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। फिलहाल उसकी स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है.
एक साथ निकले थे चार दोस्त, तीन की मौत से गांव में मातम
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए चारों युवक अगौस गांव के रहने वाले थे और आपस में गहरे दोस्त थे. चारों एक साथ बाजार गए थे और साथ ही घर लौट रहे थे. किसी ने सोचा भी नहीं था कि रास्ते में ऐसा हादसा हो जाएगा.
तीन दोस्तों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, वहां मातम छा गया. मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया. परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है. त्योहार के माहौल के बीच तीन परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. गांव के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं.
फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, हादसे के बाद फरार हुए वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है.
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके. घटना के बाद स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर नाराजगी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही फरार वाहन चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.