हिमाचल के बीड़ बिलिंग में बड़ा हादसा: पैराग्लाइडिंग के दौरान सेफ्टी बेल्ट टूटी, नोएडा के टूरिस्ट की मौत, पायलट पर केस दर्ज​

हिमाचल के बीड़ बिलिंग में बड़ा हादसा: पैराग्लाइडिंग के दौरान सेफ्टी बेल्ट टूटी, नोएडा के टूरिस्ट की मौत, पायलट पर केस दर्ज​

Kangra News: विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट बीड़ बिलिंग में मंगलवार शाम एक दर्दनाक और सनसनीखेज हादसा सामने आया है. पैराग्लाइडिंग के दौरान ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण ग्रेटर नोएडा निवासी एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान शुभम डोभियाल के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उड़ान के दौरान पर्यटक की सेफ्टी बेल्ट अचानक खुल गई या टूट गई, जिससे यह खौफनाक हादसा हुआ. पुलिस ने इस मामले में लापरवाही से मौत के आरोप में पायलट विनय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा निवासी शुभम डोभियाल अपनी बहन और 3 अन्य रिश्तेदारों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने आए थे. परिवार के अन्य सदस्यों ने भी वहां पैराग्लाइडिंग की उड़ान भरी थी. मंगलवार शाम शुभम ने पायलट विनय कुमार के साथ पैराग्लाइडिंग के लिए उड़ान भरी. उड़ान के करीब 6 मिनट बाद ही अचानक शुभम पैराग्लाइडर से नीचे गिर गए और लैंडिंग साइट के पास स्थित एक घने जंगल में जा गिरे.

हादसे के बाद पायलट विनय कुमार सुरक्षित लैंड कर गया, जिसके बाद तुरंत स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मदद से घने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। देर शाम रेस्क्यू टीम ने जंगल से शुभम डोभियाल का शव बरामद किया.

सेफ्टी बेल्ट खुलने या टूटने की जांच, कांगड़ा डीसी ने जताई सख्त चिंता

पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि हवा में उड़ान के दौरान यात्री की सेफ्टी बेल्ट तकनीकी खराबी के कारण टूटी थी या ठीक से लॉक न होने की वजह से खुल गई. पुलिस ने आरोपी पायलट विनय कुमार के खिलाफ लापरवाही से जान लेने की धाराओं में केस दर्ज किया है.

कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि पैराग्लाइडिंग के दौरान पर्यटक पूरी तरह से पायलट पर भरोसा करते हैं, इसलिए सुरक्षा मानकों और उपकरणों की जांच का सख्ती से पालन करना बेहद जरूरी है.

सुरक्षा प्रोटोकॉल पर फिर खड़े हुए सवाल

बीड़ बिलिंग भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के शीर्ष पैराग्लाइडिंग स्थलों में से एक है, जहां हर साल हजारों पर्यटक आते हैं. इस हादसे ने एक बार फिर पैराग्लाइडिंग उपकरणों के रखरखाव और पायलटों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *