रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, नाबालिग ने अपने ही 10 साल के भाई को क्यों मार डाला? सामने आई वजह सुनकर रह जाएंगे सन्न

रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, नाबालिग ने अपने ही 10 साल के भाई को क्यों मार डाला? सामने आई वजह सुनकर रह जाएंगे सन्न
Featured Image

मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। यहां रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेडी गांव में 15 साल के एक नाबालिग लड़के ने महज 10 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी।

हैरानी की बात यह है कि मासूम का कत्ल करने और लाश को गन्ने के खेत में ठिकाने लगाने के बाद आरोपी किशोर चुपचाप घर लौटा और आराम से सो गया। पुलिस ने जब शक के आधार पर उसे पकड़कर सख्ती दिखाई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और नेशनल हाईवे-58 के पास गन्ने के खेत से बच्चे का शव बरामद कराया। जब लाश मिली तो बच्चे के हाथ-पैर बंधे हुए थे और गले में फंदा भी पड़ा था।

28 अक्टूबर की शाम से लापता था दूसरी क्लास का छात्र

जानकारी के मुताबिक सठेडी गांव के रहने वाले जमशेद का 10 वर्षीय बेटा अमन गांव के ही स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ता था। बीती 28 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे अमन अचानक घर के पास से लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।

इसके बाद परिवार वालों ने पड़ोस में ही रहने वाले और रिश्ते के भाई लगने वाले 15 वर्षीय किशोर पर अमन को गायब करने का शक जताया। दोनों परिवार आपस में पट्टीदार हैं और मृतक अमन के दादा और आरोपी के दादा सगे भाई थे।

दुकान में चोरी के बाद नौकरी से निकालने पर पाली रंजिश

मृतक अमन के चाचा गुलशेर ने बताया कि वह हरियाणा में एक फर्नीचर की दुकान पर काम करते हैं। कुछ दिन पहले आरोपी किशोर अपने एक दोस्त के साथ वहां आया था तो उन्होंने उसे भी उसी दुकान पर काम पर लगवा दिया था। बीती 23 अक्टूबर को किशोर ने अपने दोस्त के साथ मिलकर दुकान में चोरी कर ली।

चोरी पकड़े जाने पर उसे तुरंत काम से निकाल दिया गया। इसी बात से आरोपी किशोर अंदर ही अंदर रंजिश रखने लगा था। वह 26 अक्टूबर को वापस गांव लौटा और 28 अक्टूबर की शाम मौका पाकर गुलशेर के भतीजे अमन को बहला-फुसलाकर अपने साथ जंगल की तरफ ले गया।

उसी शाम कत्ल कर घर आकर सो गया आरोपी

रतनपुरी थाना इंस्पेक्टर महावीर सिंह चौहान ने बताया कि जिस दिन अमन गायब हुआ आरोपी ने उसी शाम गन्ने के खेत में ले जाकर उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर आकर ऐसे सो गया जैसे कुछ हुआ ही न हो।

शुरुआत में पुलिस को भी उस पर यकीन नहीं हुआ और हिरासत में लेने के बाद घंटों तक वह पुलिस को गुमराह करता रहा। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। लेकिन जब परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और पूरा सच उगल दिया।

3 महीने पुरानी मौत के बदले के एंगल से भी हो रही जांच

इस हत्याकांड के पीछे एक और गंभीर एंगल सामने आया है। करीब तीन महीने पहले आरोपी किशोर के परिवार के एक युवक की छत से गिरकर मौत हो गई थी। उस वक्त आरोपी के परिवार ने मृतक अमन के घरवालों पर युवक को छत से धक्का देकर मारने का आरोप लगाया था और बदला लेने की धमकी भी दी थी।

पुलिस अब इस पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है कि कहीं उस पुरानी धमकी और रंजिश का बदला लेने के लिए तो मासूम अमन की जान नहीं ली गई। बुढ़ाना सीओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी नाबालिग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *