रेप केस में फंसे स्कूल टीचर को DNA रिपोर्ट से मिली बड़ी राहत, जांच में नाबालिग छात्रा के दोस्त का नाम आया सामने, ऐसे खुली सच्चाई

रेप केस में फंसे स्कूल टीचर को DNA रिपोर्ट से मिली बड़ी राहत, जांच में नाबालिग छात्रा के दोस्त का नाम आया सामने, ऐसे खुली सच्चाई
Featured Image

पिथौरागढ़ : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के अस्कोट क्षेत्र में 10वीं की छात्रा के गर्भवती होने मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। इस केस में शुरुआती बयानों के आधार पर जिस स्कूल शिक्षक पर दुष्कर्म का आरोप लगा था और जिसे गिरफ्तार किया गया था डीएनए जांच में वह आरोप गलत निकला। फॉरेंसिक जांच में खुलासा हुआ है कि छात्रा के मृत नवजात का जैविक पिता शिक्षक नहीं, बल्कि गांव का ही एक नाबालिग किशोर है जो छात्रा का दोस्त बताया जा रहा है। सच सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी किशोर को संरक्षण में लेकर अल्मोड़ा स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह (Juvenile Observation Home) भेज दिया है।

कैसे पलटी पूरे केस की कहानी?

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक छात्रा से दुष्कर्म के आरोप की शुरुआती जांच के बाद 24 जुलाई को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई थी। मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने मृत शिशु के अवशेष और गिरफ्तार शिक्षक के सैंपल डीएनए टेस्ट के लिए क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) रुद्रपुर भेजे थे।

जब लैब से रिपोर्ट आई तो मृत शिशु के साथ शिक्षक का डीएनए मैच नहीं हुआ। इस रिपोर्ट ने पुलिस जांच की दिशा ही बदल दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की दोबारा गहराई से पड़ताल की और दो अन्य संदिग्धों के ब्लड सैंपल लेकर 12 अक्टूबर को जांच के लिए भेजे। इनमें से गांव के ही एक किशोर का डीएनए रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अस्कोट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव ने बताया कि डीएनए जांच में किशोर के ही मृत शिशु के पिता होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद उसे संरक्षण में लेकर अल्मोड़ा भेज दिया गया है।

40 पुलिसकर्मियों ने जंगल छानकर जुटाया था सबसे बड़ा सबूत

जून महीने में सामने आए इस मामले में मृत नवजात के अवशेषों की बरामदगी ही जांच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। शुरुआती जांच में पुलिस केवल बयानों के आधार पर शिक्षक को आरोपी मानकर चल रही थी। लेकिन जब परिजनों से सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि छात्रा ने घर पर छह से सात माह के एक मृत शिशु को जन्म दिया था जिसके बाद परिजनों ने शव को जंगल के गधेरे के पास ठिकाने लगा दिया था।

सच का पता लगाने के लिए 10 जून को पुलिस की 40 सदस्यीय टीम ने पीड़िता के गांव के आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम को जंगल से नवजात के अवशेष बरामद हुए। अगर पुलिस को ये अवशेष नहीं मिले होते तो डीएनए जांच संभव नहीं हो पाती और असली आरोपी का सच कभी सामने नहीं आ पाता।

जून में तबीयत बिगड़ने पर सामने आया था मामला

यह पूरा मामला बीते जून महीने में तब उजागर हुआ था जब 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उसे इलाज के लिए कनालीछीना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) लेकर पहुंचे थे। वहां डॉक्टरों की जांच में छात्रा के गर्भवती होने और प्रसव के बाद तबीयत खराब होने की बात सामने आई जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

उस वक्त पीड़िता और परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के शिक्षक योगेश कुमार पांडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि अब वैज्ञानिक साक्ष्यों और डीएनए रिपोर्ट ने पूरे मामले की असलियत उजागर कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *