5 साल की बच्ची की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, 12 साल के भाई पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप, CCTV फुटेज ने खोली पूरी कहानी

5 साल की बच्ची की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, 12 साल के भाई पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप, CCTV फुटेज ने खोली पूरी कहानी
Featured Image

रामपुर : उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के शाहबाद क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बुधवार दोपहर से लापता 5 साल की मासूम बच्ची की दुष्कर्म और बर्बरता के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि रिश्ते में भाई लगने वाला 12 साल का नाबालिग है। वह बच्ची को दुकान से लॉलीपॉप दिलाने का लालच देकर अपने साथ जंगल ले गया था। गुरुवार सुबह लक्खी बाग के जंगल में बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया है।

पिता अंतिम संस्कार में गए थे, पीछे से गायब हो गई मासूम

यह घटना शाहबाद नगर के एक मोहल्ले की है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को मोहल्ले में एक व्यक्ति का निधन हो गया था, जिनकी अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए बच्ची के पिता गए हुए थे। जब वह वापस घर लौटे तो 5 साल की बेटी घर पर नहीं मिली। परिजनों ने आसपास के घरों में काफी तलाश की लेकिन बच्ची का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद बुधवार रात पुलिस को सूचना दी गई जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तुरंत तलाश शुरू कर दी।

लॉलीपॉप के बहाने लक्खी बाग के जंगल में ले गया

पुलिस की छानबीन में सामने आया कि रिश्ते में भाई लगने वाला 12 साल का बालक मासूम को दुकान से लॉलीपॉप दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। गुरुवार सुबह पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया, तो लक्खी बाग के जंगल में बच्ची का शव बरामद हुआ।

शव अर्धनग्न हालत में था और सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने क्रूरता की हदें पार करते हुए मासूम के नाजुक अंगों को लकड़ी से गंभीर चोट पहुंचाई और गला दबाकर उसकी जान ले ली। रातभर जिस बेटी को परिजन सलामती की दुआ करते हुए ढूंढ रहे थे, सुबह उसकी लाश मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

CCTV फुटेज से आरोपी नाबालिग तक पहुंची पुलिस

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनिल कुमार सिसौदिया, एएसपी अनुराग सिंह, सीओ देवकीनंदन, सीओ हर्षिता सिंह और सीओ क्राइम समेत एसओजी (SOG) व क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद ली, जिससे आरोपी 12 वर्षीय बालक की पहचान हो गई। पुलिस ने उसे संरक्षण में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल कर ली है।

रामपुर के एसपी अनिल कुमार सिसौदिया ने बताया, “शाहबाद में बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें गठित कर रात से ही तलाश की जा रही थी। गुरुवार सुबह लक्खी बाग में बच्ची का शव मिला। बच्ची के साथ गंभीर दरिंदगी की गई थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी बालक को पकड़ लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *