लव मैरिज के 11 साल बाद रिश्ते में आई दरार, पत्नी के अफेयर के शक में पति ने पार की हैवानियत की हदें, कुर्सी से बांधकर जिंदा जलाया

लव मैरिज के 11 साल बाद रिश्ते में आई दरार, पत्नी के अफेयर के शक में पति ने पार की हैवानियत की हदें, कुर्सी से बांधकर जिंदा जलाया
Featured Image

कन्नौज : उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से 11 साल पुरानी लव मैरिज के खौफनाक अंत की वारदात सामने आई है। यहां छिबरामऊ के सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र में पत्नी के किसी और युवक से प्रेम-प्रसंग से नाराज पति ने उसे कुर्सी से बांधकर पेट्रोल डाला और जिंदा जला दिया। आग इतनी भीषण थी कि जब तक पुलिस मौके पर पहुंची महिला की लाश जलकर कंकाल बन चुकी थी। वारदात के बाद से आरोपी पति और उसके परिवार के लोग घर छोड़कर फरार हैं।

11 साल पहले हुई थी लव मैरिज, गांव के ही युवक से हो गया प्यार

यह पूरी घटना सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के जगतपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक गांव के रहने वाले सुखबीर सिंह ने करीब 11 साल पहले सोनम नाम की युवती से लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे भी हुए।

बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से सोनम को गांव के ही एक युवक से प्यार हो गया था। बात इतनी बढ़ गई कि वह अपने पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई थी। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसी बात को लेकर घर में लगातार विवाद चल रहा था।

पुलिस चौकी में हुई पंचायत, शाम को प्रेमी ने खा लिया जहर

पति-पत्नी और प्रेमी के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए दो दिन पहले सिकंदरपुर पुलिस चौकी में पंचायत बुलाई गई थी। इसमें दोनों पक्षों के लोग शामिल हुए। घंटों चली बातचीत और समझाइश के बाद सोनम प्रेमी का साथ छोड़ने और वापस अपने पति सुखबीर के साथ रहने के लिए राजी हो गई थी।

बताया जाता है कि चौकी में हुए इस समझौते के बाद उसी शाम आहत होकर प्रेमी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत पास के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया जहां इलाज के बाद उसकी जान बच गई।

अगले दिन घर में फिर भड़का विवाद, कुर्सी से बांधकर लगाई आग

प्रेमी के जहर खाने की घटना के अगले दिन सुखबीर और सोनम के बीच घर में एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी रंजिश में पति सुखबीर ने सोनम को घर के अंदर कुर्सी से बांध दिया और उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

घर से उठती चीख-पुकार और धुआं देखकर जब तक आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तब तक सोनम बुरी तरह झुलस चुकी थी। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आग बुझाने की कोशिश की लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी और उसका शव जलकर कंकाल में तब्दील हो गया था।

पति समेत पूरा परिवार फरार, जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद से ही आरोपी पति सुखबीर सिंह और उसके परिवार के तमाम सदस्य घर से फरार हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जले हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब दो दिन पहले चौकी में हुए समझौते, प्रेमी के जहर खाने की घटना और हत्या के सभी पहलुओं को जोड़कर मामले की छानबीन कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *