7 लाख की ठगी से शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खौफनाक सिलसिला, नहाते समय बनाया वीडियो और 2 साल तक दुष्कर्म का आरोप, तंग आकर पीड़िता ने…

7 लाख की ठगी से शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खौफनाक सिलसिला, नहाते समय बनाया वीडियो और 2 साल तक दुष्कर्म का आरोप, तंग आकर पीड़िता ने…
Featured Image

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी और अश्लील वीडियो बनाकर विवाहिता के साथ दो साल तक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने सरकारी विभाग में चपरासी की नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे 7 लाख रुपये हड़प लिए। इतना ही नहीं आरोपी ने छिपकर उसके नहाते समय का वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर दो साल तक शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता की शिकायत पर सदर बाजार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

चपरासी की नौकरी के नाम पर पहले लिए 5 लाख रुपये

अलीगढ़ जिले के खैर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 27 वर्षीय विवाहिता ने पुलिस को दी तहरीर में पूरी आपबीती बताई है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। तहरीर के मुताबिक मथुरा के नौहझील क्षेत्र के गांव नावली निवासी पंकज ने महिला को किसी सरकारी विभाग में चपरासी की नौकरी लगवाने का झांसा दिया था।

आरोपी की बातों में आकर पीड़िता ने 2 जनवरी 2022 को उसे 5 लाख रुपये नकद दे दिए। हालांकि इतनी बड़ी रकम लेने के बाद भी आरोपी ने नौकरी नहीं लगवाई और टालमटोल करता रहा।

उसी मकान में कमरा लेकर बनाया नहाने का वीडियो

पीड़िता के मुताबिक मार्च 2022 में वह अपने पति के साथ मथुरा आ गई और यहां एक मकान में किराए पर रहने लगी। आरोप है कि करीब दो महीने बाद आरोपी पंकज भी वहां पहुंच गया और उसी मकान के ऊपर वाले कमरे में किराएदार बनकर रहने लगा।

इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर चुपके से महिला के नहाते समय का अश्लील वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बदनामी के डर से पीड़िता चुप रही जिसका फायदा उठाकर आरोपी का जब मन करता तब उसे बुलाकर जबरन उस से शारीरिक संबंध बनाता रहा।

2 लाख और ऐंठे, गांव लौटने पर भी करता रहा ब्लैकमेल

तहरीर में बताया गया है कि इस दौरान दिसंबर 2022 में आरोपी ने नौकरी का बहाना बनाकर पीड़िता से 2 लाख रुपये और ऐंठ लिए। इस तरह उसने कुल 7 लाख रुपये ठग लिए और दो साल तक महिला का यौन शोषण करता रहा।

अक्टूबर 2026 में जब पीड़िता अपने पति के साथ मथुरा छोड़कर वापस अलीगढ़ के अपने गांव लौट गई तब भी आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं। वह लगातार फोन करके वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा।

परेशान होकर पीड़िता ने पहले अलीगढ़ के खैर थाने में शिकायत दी जहां से घटनास्थल मथुरा होने के कारण मामला मथुरा ट्रांसफर कर दिया गया। अब सदर बाजार थाना पुलिस ने आरोपी पंकज के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर विपिन तोमर को सौंपी गई है और पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *