गधे की पूंछ से AI तक: हजारों साल से झूठ पकड़ने की जंग, क्या मशीनें सामने ला पाती हैं सच्चाई?​

गधे की पूंछ से AI तक: हजारों साल से झूठ पकड़ने की जंग, क्या मशीनें सामने ला पाती हैं सच्चाई?​

महाभारत के युद्ध में जब गुरु द्रोणाचार्य को रोकना असंभव हो गया तो धर्मराज युधिष्ठिर ने एक ऐसा वाक्य कहा, जिसने सच और झूठ की परिभाषा को हमेशा के लिए बहस का विषय बना दिया ‘अश्वत्थामा मारा गया, परंतु हाथी’. इंसान ने जब से बोलना सीखा तब से उसके सामने ये भी चैलेंज ही रहा कि सामने वाला सच बोल रहा है या झूठ. हजारों साल पहले सच जानने के लिए अग्निपरीक्षा, गर्म लोहे या ‘जादुई गधे’ जैसी तरकीबें अपनाई जाती थीं.

अब मॉडर्न फॉरेंसिक लैब में दिल की धड़कन, पसीने और ब्रेन एक्टिविटी को पढ़कर सच तक पहुंचने की कोशिश होती है. लेकिन क्या ये मशीनें वाकई झूठ पकड़ सकती हैं?

इतिहास की अनसुनी तरकीबें

1 गधे की पूंछ वाली ट्रिक

पुराने समय में चोर पकड़ने के लिए ‘ट्रायल बाय द सेक्रेड ऐस’ या ‘मैजिक डंकी टेस्ट’ अपनाया जाता था. अंधेरे टेंट में गधे की पूंछ पर कालिख लगा दी जाती थी. लोगों से कहा जाता कि गधा झूठे के पूंछ छूते ही चिल्लाएगा. असली चोर डरकर पूंछ नहीं छूता था, जबकि दूसरों के हाथ कालिख से काले हो जाते थे. साफ हाथ ही चोर पहचानने का ज़रिया बनते.इसका जिक्र 1993 में छपी एफ. एलन हैनसन की किताब Testing, Testing: Social Consequences of the Examined Life में मिलता है.

झूठ पकड़ने के लिए मैजिक डंकी टेस्ट’ अपनाया जाता था. फोटो: AI Generated

2 चीन का सूखे चावल वाला टेस्ट

करीब 1000 ईसा पूर्व प्राचीन चीन में जिस पर शक होता था उसके मुंह में मुट्ठी भर कच्चे चावल डालकर कुछ देर बाद थूकने को कहा जाता था. माना जाता था डर और तनाव से मुंह में लार कम बनती है. सूखे या मुंह में चिपके चावल को झूठ बोलने का प्रमाण माना जाता था. इसका जिक्र स्मिथसोनियन मैगजीन और कुछ स्टडीज में मिलता है.

3 यूनान में नब्ज से झूठ पकड़ने की कोशिश

करीब 250 ईसा पूर्व यूनानी चिकित्सक इरासिस्ट्रेटस ने नब्ज की गति से छिपी भावनाएं जानने की कोशिश की थी. किस्सा है कि सीरिया के राजा सेल्यूकस के बेटे एंटिओकस की नब्ज उनकी सौतेली मां स्ट्रैटोनिस का नाम आने पर तेज हो जाती थी. इससे उनके प्रेम संबंधों का पता चला.

नब्ज टटोलकर पकड़ते थे झूठ.

अस्पताल के कमरे से निकले सच पकड़ने के टेस्ट

1 पॉलीग्राफ और वंडर वुमन का कनेक्शन

1915 में अमेरिकी डॉक्टर विलियम मोल्टन मार्स्टन ने ब्लड प्रेशर के आधार पर झूठ पकड़ने का तरीका डेवलप किया. डॉक्टर विलियम ने ही बाद में फेमस कॉमिक कैरेक्टर ‘वंडर वुमन’ क्रिएट किया, जिसके पास सच बुलवाने वाली जादुई रस्सी होती है. 1921 में पहली पॉलीग्राफ मशीन बनी. जो सांसों की गति, ब्लड प्रेशर, दिल की धड़कन और उंगलियों में पसीने में बदलाव रिकॉर्ड करती है.

पॉलीग्राफ टेस्ट. फोटो: DKeine/E+/Getty Images

2 अस्पताल के डिलीवरी रूम से शुरू हुआ नार्को टेस्ट

इसकी शुरुआत पुलिस स्टेशन में नहीं, अस्पताल में हुई थी. अमेरिकी डॉक्टर रॉबर्ट हाउस ने साल 1916 के आसपास डिलीवरी के दौरान औरतों को दी जाने वाली दवाइयों के असर से उनके बिहेवियर और जवाबों पर गौर किया. 1922 में उन्होंने कैदियों पर भी इसका इस्तेमाल किया. आज नार्को टेस्ट में सोडियम पेंटोथल जैसी दवा देकर इंसान को अर्धचेतन यानि हॉफ कॉन्शस अवस्था में लाकर उनसे सवाल पूछे जाते हैं.

3 ब्रेन मैपिंग

भारतीय वैज्ञानिक डॉ. चंपादी रमन मुकुंदन ने BEAP तकनीक विकसित की. इसमें व्यक्ति के सिर पर सेंसर लगाकर अपराध से जुड़ी तस्वीरें या जानकारियां दिखाई जाती हैं. दिमाग की इलेक्ट्रिक एक्टिविटी में आने वाले चेंज का एसेसमेंट एनालिसिस किया जाता है. इसमें ज़रूरी नहीं कि इंसान को बोलकर जवाब देना हो.

4 क्या मशीनें 100 फीसदी सच पकड़ सकती हैं?

पॉलीग्राफ की सटीकता को लेकर अक्सर 80 से 90 फीसदी तक सही नतीजों के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसकी विश्वसनीयता पर सवाल भी हैं. बेगुनाह व्यक्ति पुलिस के डर से घबरा सकता है, जबकि झूठ बोलने वाला शांत रह सकता है.

फॉरेंसिक एक्सपर्ट अमरनाथ कहते हैं प्रैक्टिस या दवाओं से पॉलीग्राफ का मनचाहा नतीजा पाने की कोई गारंटी नहीं है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। कुछ दवाएं शारीरिक प्रतिक्रियाएं बदल सकती हैं. नार्को टेस्ट में भी व्यक्ति गलत बात कह सकता है या सवाल पूछने के तरीके से प्रभावित होकर वैसा जवाब दे सकता है, जैसा उसे सुझाया गया हो. इसलिए गलत नतीजे के लिए किसी का शातिर होना भी जरूरी नहीं है.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस

भारत के कानून और बड़े केस

5 मई 2010 को सुप्रीम कोर्ट ने सेल्वी बनाम कर्नाटक राज्य मामले में स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति की मर्जी के बिना पॉलीग्राफ, नार्को या ब्रेन मैपिंग टेस्ट नहीं कराया जा सकता. इंसान मंजूरी दे दे तो भी सुरक्षा उपाय जरूरी हैं. इन टेस्ट की रिपोर्ट अपने आप में प्रत्यक्ष सुबूत नहीं होती.

फॉरेंसिक एक्सपर्ट अमरनाथ कहते हैं कई बार जांच ऐसे मोड़ पर अटकती है जहां नए सुराग की जरूरत होती है. जैसे नार्को टेस्ट में कोई व्यक्ति लापता मोबाइल की जगह बताता है. जांच के लिए अहम सवाल होंगे कि क्या मोबाइल वास्तव में वहां मिला और उसके डेटा का घटना से क्या संबंध है. टेस्ट की रिपोर्ट सीधे सबूत नहीं बनती, लेकिन उससे मिले सुराग के आधार पर हुई बरामदगी पर अदालत कानूनी शर्तों के तहत विचार कर सकती है.

भारत में कई चर्चित मामलों में इन तकनीकों का इस्तेमाल हुआ है. 2003 के स्टांप पेपर घोटाले में अब्दुल करीम तेलगी का नार्को और ब्रेन मैपिंग टेस्ट हुआ. 2007 के निठारी कांड में सुरेंद्र कोली और मोनिंदर सिंह पंढेर के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराए गए. 26/11 मुंबई हमले के बाद अजमल कसाब से पूछताछ और नार्को टेस्ट का भी जिक्र जांच के संदर्भ में किया जाता रहा है.

AI के दौर में क्या दिमाग भी पढ़ लेगा एल्गोरिदम?

भविष्य में AI की मदद से फिजिकल रिस्पॉन्स और ब्रेन एक्टिविटी का एनालिसिस और बेहतर हो सकता है. लेकिन क्या तकनीक हर सिचुएशन में सच पकड़ पाएगी? फॉरेंसिक मामलों के जानकार अमरनाथ बताते हैं आज ऐसा कोई विश्वसनीय वैज्ञानिक आधार नहीं है जो हर व्यक्ति और हर परिस्थिति में 100 फीसदी सच पहचानने की गारंटी देता हो.

तकनीक जांच को दिशा दे सकती है, नए सुराग खोज सकती है, लेकिन सच का अंतिम फैसला किसी मशीन की रिपोर्ट से नहीं हो सकता.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *