छोटा कद, संतान न होने के ताने… झांसी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप..

छोटा कद, संतान न होने के ताने… झांसी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप..
छोटा कद, संतान न होने के ताने… झांसी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप..

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और लगातार अपमानित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नवाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली रूबी उर्फ ऋतु साहू की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक उसकी शादी फरवरी 2024 में मुकेश साहू से हुई थी। मायकेवालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे छोटे कद और संतान न होने को लेकर लगातार ताने दिए जाते थे।

छोटे कद और संतान न होने पर करते थे अपमान

परिजनों ने बताया कि ऋतु बीए पास थी और कंप्यूटर कोर्स करने के बाद नौकरी भी करती थी। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था, इसलिए भाइयों ने उसकी शादी पूरे रीति-रिवाज से कराई थी। उनका कहना है कि शादी से पहले ही लड़की के कद की जानकारी ससुराल पक्ष को दे दी गई थी, लेकिन विवाह के बाद उसे करीब साढ़े चार फुट लंबाई का ताना दिया जाता था। साथ ही संतान न होने पर उसे अपमानित किया जाता और सामाजिक कार्यक्रमों में जाने से भी रोका जाता था।

नौकरी को लेकर भी लगाया धोखा देने का आरोप

मायके पक्ष का आरोप है कि शादी से पहले दूल्हे को आढ़तिया (व्यापारी) बताया गया था, जबकि बाद में पता चला कि वह निजी लोडिंग वाहन चलाता है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग और मानसिक प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो गया था। ऋतु ने एक बार अपनी नानी से इस बारे में जिक्र भी किया था, लेकिन परिवार को परेशान न करने के लिए वह ज्यादा कुछ नहीं बताती थी।

जहर खाने का आरोप, 28 घंटे तक अस्पतालों में घुमाने की बात

परिजनों का दावा है कि प्रताड़ना से परेशान होकर ऋतु ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल वाले उसे समय पर उचित इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले गए और करीब 28 घंटे तक अलग-अलग अस्पतालों में घुमाते रहे। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें भी शुरुआत में सिर्फ इतना बताया गया कि ऋतु की तबीयत खराब है, जबकि उसकी मौत होने के बाद पूरी जानकारी दी गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *