समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर तकरार बढ़ती जा रही है. सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे खारिज कर दिया है. कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने साफ कहा है कि पार्टी को दो अंकों में नहीं, बल्कि तीन अंकों में सीटें मिलनी चाहिए. यानी कांग्रेस कम से कम 100 सीटों पर अपनी दावेदारी से पीछे हटने को तैयार नहीं है.

दूसरी तरफ सपा की ओर से साफ संकेत दिया जा रहा है कि 26 सीटों की सूची तैयार है और बातचीत के दौरान इसमें दो से चार सीटें ही बढ़ सकती हैं. ऐसे में सवाल है कि क्या दोनों दलों के बीच सीटों का फॉर्मूला निकल पाएगा या गठबंधन की राह मुश्किल होती जाएगी?
कांग्रेस ने 26 सीटों का ऑफर ठुकराया
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के लिए दो डिजिट नहीं, बल्कि तीन डिजिट में सीटें मिलना ही सम्मानजनक होगा. उन्होंने कहा कि सपा को सीटों के मामले में जल्दबाजी से बचना चाहिए. इमरान मसूद की नाराजगी को भी उन्होंने जायज बताया. उनका कहना है कि इमरान मसूद सहारनपुर से सांसद हैं और उनकी बात को गंभीरता से लिया जाना चाहिए.
राजेंद्र पाल गौतम ने 2024 के लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि उस समय भी सपा ने कई सीटों पर अपने उम्मीदवार वापस लिए थे. दोनों दलों को संयम से काम लेना चाहिए और सीटों पर अंतिम फैसला दोनों पार्टियों के नेतृत्व को करना चाहिए. कांग्रेस का रुख साफ है कि वह 26 सीटों पर समझौता नहीं करेगी. पार्टी कम से कम 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही है.
सपा का जवाब 26 की सूची तैयार, 24 सीटें ही बढ़ेंगी
कांग्रेस की मांग के बीच समाजवादी पार्टी की ओर से भी सख्त रुख दिखाया जा रहा है. सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा कि 26 सीटों की सूची तैयार हो चुकी है और वही रहेगी. हालांकि, बातचीत में दो से चार सीटें और बढ़ सकती हैं. उन्होंने कहा कि उम्मीदवार तो उतारने ही हैं, फिर पार्टी कब काम करेगी?
इमरान मसूद पर निशाना साधते हुए एसपी सिंह पटेल ने कहा कि उन्हें अपने मुंह मियां मिट्ठू नहीं बनना चाहिए. कांग्रेस चाहे तो अपने उम्मीदवार उतार दे, सपा भी पीछे हटने वाली नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस यह सोच रही है कि सपा उसे दो से शून्य पर पहुंचा देगी तो ऐसा नहीं है कि सपा पीछे रह जाएगी. उन्होंने कांग्रेस से कहा कि खुद को भिखारी नहीं बताना चाहिए.
एसपी सिंह पटेल ने राहुल गांधी से अखिलेश यादव से बातचीत करने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बात करेंगे तो दो से चार सीटें और बढ़ सकती हैं, वरना कांग्रेस को 26 सीटों पर ही चुनाव लड़ना होगा. उन्होंने बीजेपी के सहयोगी दलों में चल रही खींचतान का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी ओम प्रकाश राजभर जैसे नेता ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं. लेकिन कांग्रेस का अपनी लिमिट से ज्यादा सीटें मांगना गलत है.
इमरान मसूद बोले गठबंधन के प्रति गंभीर नहीं है सपा
सपा की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने और 26 सीटों के प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि सपा का यह कदम बीजेपी को हराने की दिशा में नहीं है. उन्हें समझ नहीं आ रहा कि किस बात पर सूची जारी की गई है. इमरान ने कहा कि 2022 में भी यही काम किया गया था. सपा को खुद समझना चाहिए कि इस तरह के फैसले से क्या संदेश जा रहा है.
इमरान मसूद ने कहा कि सपा गठबंधन के प्रति बिल्कुल गंभीर नहीं दिख रही है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सामने कोई प्रस्ताव नहीं रखा गया है. जब दिल्ली में बातचीत हो रही है और लखनऊ से उम्मीदवारों की घोषणा की जा रही है तो फिर गठबंधन की बैठकों का क्या मतलब रह जाता है? उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का पार्टी नेतृत्व ही तय करेगा कि आगे क्या करना है. इमरान मसूद ने बीजेपी को हराने की गारंटी राहुल गांधी को बताते हुए कहा कि देश में बीजेपी को हराने की गारंटी राहुल गांधी हैं. उनके बयान से साफ है कि कांग्रेस 26 सीटों के प्रस्ताव को स्वीकार करने के मूड में नहीं है.
सपा बोली जीती हुई सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं
सपा की पहली सूची पर उठ रहे सवालों के बीच पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने बचाव किया. उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं, वे सपा की जीती हुई सीटें हैं और वहां पार्टी के विधायक मौजूद हैं. ऐसे में इस पर इतना हंगामा क्यों हो रहा है? उन्होंने कहा कि पार्टी को आखिरकार अपनी सीटों पर चुनाव तो लड़ना ही है, चाहे उम्मीदवारों की घोषणा पहले हो या बाद में.
रामजी लाल सुमन ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच दो दिन की बातचीत काफी सकारात्मक रही है. ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। कांग्रेस से उनका आग्रह है कि दोनों दल जितना व्यावहारिक तरीके से सोचेंगे, गठबंधन उतनी जल्दी हो सकेगा और उसके नतीजे भी अच्छे होंगे.
ब्रजेश पाठक का तंज बेमेल शादी जैसा गठबंधन
सपा और कांग्रेस के बीच बढ़ती खींचतान पर बीजेपी भी निशाना साध रही है. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन बेमेल शादी जैसा है. दोनों दलों के बीच इतनी कड़वाहट और दुश्मनी है कि उनके अपने कार्यकर्ता भी जमीन पर इस गठबंधन को सही नहीं ठहरा पा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता इस गठबंधन को कभी स्वीकार नहीं करेगी.
ब्रजेश पाठक ने सपा पर गुंडों को बढ़ावा देने और कांग्रेस पर भ्रष्टाचार तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यह गठबंधन जमीन पर सफल नहीं होगा और जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी. इमरान मसूद के बयान पर भी उन्होंने कहा कि दोनों दल सत्ता के लिए एकदूसरे से लड़ रहे हैं और उन्हें जनता की सेवा से कोई मतलब नहीं है.