7 साल से घर में करता था काम… फिर रची करोड़ों की चोरी की साजिश, 150 CCTV ने खोला पूरा राज

7 साल से घर में करता था काम… फिर रची करोड़ों की चोरी की साजिश, 150 CCTV ने खोला पूरा राज
7 साल से घर में करता था काम… फिर रची करोड़ों की चोरी की साजिश, 150 CCTV ने खोला पूरा राज

हरदोई: हरदोई पुलिस ने किराना के थोक कारोबारी पंकज अग्रवाल के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में बड़ा खुलासा कर दिया है। कार्रवाई के तहत 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 28 लाख 99 हजार 310 रुपये बरामद किए हैं। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने उत्तराखंड और दिल्ली तक दबिश दी तथा करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने शनिवार रात मीडिया को बताया कि 16 जुलाई की देर रात रेलवेगंज क्षेत्र स्थित कारोबारी पंकज अग्रवाल के घर चोरी की वारदात हुई थी। पुलिस जांच के अनुसार, कारोबारी के यहां पिछले सात वर्षों से काम कर रहा शोभित और दो नाबालिगों ने कथित तौर पर पहले कारोबारी और उनकी पत्नी के भोजन में नींद की गोलियां मिला दीं। दोनों के गहरी नींद में जाने के बाद आरोपियों ने दूसरी मंजिल पर रखी अलमारी से नकदी से भरे आठ बैग निकाल लिए।

पुलिस के मुताबिक, नीचे पहले से मौजूद अजय शुक्ला, जिसे इस मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, ने शिवम और पिकअप चालक बदन की मदद से नकदी से भरे बैग वाहन में रखवाए और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और सर्विलांस व स्वाट टीम की सहायता ली। जांच में सामने आया कि आरोपी नकदी लेकर लखनऊ पहुंचे थे, जहां कथित तौर पर हिस्ट्रीशीटर अमान और बाराबंकी निवासी महफूज ने उनसे रुपये छीन लिए।

तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया, विशेष रूप से इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर पुलिस ने दीपक, सनी गुप्ता, विशाल, परम किशोर, केशव, सनी वाल्मीकि, नीरज और प्रिंस समेत अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। एसओजी प्रभारी राजेश यादव और सर्विलांस टीम ने उत्तराखंड और दिल्ली में भी दबिश देकर पूरे नेटवर्क तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 28 लाख 99 हजार 310 रुपये बरामद किए हैं, जिनमें 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक के नोट शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए 16 आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के साथ करोड़ों रुपये की चोरी के मामले का खुलासा हो गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *