Bareilly News : 29 स्कूली वाहनों के चालान, 14 सीज

Bareilly News : 29 स्कूली वाहनों के चालान, 14 सीज
Bareilly News : 29 स्कूली वाहनों के चालान, 14 सीज

बरेली, अमृत विचार। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने ””मिशन सेफ फ्यूचर”” के तहत तीन दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दिन 29 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि 14 वाहनों को सीज कर दिया गया। कार्रवाई में शहर के कई प्रमुख स्कूलों से संबद्ध वाहन शामिल हैं।

परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जिले में एक से 15 जुलाई तक ””मिशन सेफ फ्यूचर”” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 8 से 10 जुलाई तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जिले में संचालित सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस, वैध परमिट और परिवहन सुरक्षा मानकों का शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना है। बुधवार को शाम चार बजे तक चले अभियान में बिना वैध परमिट, फिटनेस और अन्य जरूरी अभिलेखों के संचालित 29 स्कूली वाहनों के चालान किए गए। वहीं 14 वाहनों को बंद करने की कार्रवाई की गई। आरटीओ प्रवर्तन प्रणव झा ने बताया कि बिना वैध अभिलेखों और निर्धारित सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित किसी भी स्कूल वाहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और वाहन स्वामियों से प्रत्येक स्कूल वाहन के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, कर, ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक अभिलेख तत्काल वैध कराने की अपील की है। यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशामक यंत्र, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीट बेल्ट, इमरजेंसी एग्जिट और रिफ्लेक्टर टेप सहित सभी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध और कार्यशील हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *