Pilibhit News : धनाराघाट पुल के एप्रोच मार्ग का प्रस्ताव फंसा, वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अब बनेगी एलिवेटेड रोड

Pilibhit News : धनाराघाट पुल के एप्रोच मार्ग का प्रस्ताव फंसा, वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अब बनेगी एलिवेटेड रोड
Pilibhit News : धनाराघाट पुल के एप्रोच मार्ग का प्रस्ताव फंसा, वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अब बनेगी एलिवेटेड रोड

पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के कोर जोन में शारदा नदी पर बन रहे धनाराघाट पुल के एप्रोच मार्ग का पेंच फंस गया है। भविष्य में यातायात के भारी दबाव और वन्यजीवों की सुरक्षा को देखते हुए राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड ने सामान्य सड़क के निर्माण पर रोक लगा दी है। इसके समाधान के रूप में बोर्ड ने अब एलिवेटेड रोड बनाने के निर्देश जारी किए हैं।

चेन्नई की बैठक में लिया गया फैसला, क्यों फंसा पेंच?
बीते 9 जुलाई को चेन्नई में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति की अहम बैठक हुई थी। बैठक में पीलीभीत टाइगर रिजर्व के कोर जोन से गुजरने वाली सामान्य सड़क के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा हुई। बोर्ड ने माना कि सामान्य सड़क से वन्यजीवों के सुरक्षित विचरण में बाधा आ सकती है। यातायात बढ़ने की आशंका के चलते बोर्ड ने निर्देश दिए कि यहां सामान्य सड़क की जगह एलिवेटेड रोड की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए।

2.69 अरब की लागत से बन रहा है धनाराघाट पुल
पूरनपुर तहसील के ट्रांस शारदा क्षेत्र की आबादी को तहसील मुख्यालय से आसानी से जोड़ने के लिए शारदा नदी के धनाराघाट पर यह पुल बनाया जा रहा है। राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा लगभग 2.69 अरब रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण हो रहा है। वर्तमान में पुल लगभग तैयार है और मानसून के बाद इसके दोनों तरफ एप्रोच रोड का काम शुरू किया जाना था, लेकिन अब नए प्रस्ताव के चलते इसमें देरी हो सकती है।

नया डिजाइन: ऊपर चलेंगे वाहन, नीचे गुजरेंगे वन्यजीव
प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अब नए डिजाइन में एलिवेटेड रोड के साथसाथ एक मजबूत ‘एनिमल पैसेज प्लान’ शामिल किया जाएगा। अगर इस वन क्षेत्र में एलिवेटेड रोड बनती है, तो इसके ऊपर से यातायात निर्बाध चलेगा और नीचे से वन्यजीव बिना किसी भय के अपने प्राकृतिक कॉरिडोर का इस्तेमाल कर सकेंगे।

“राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में पत्र मिला है। धनाराघाट पुल के एप्रोच मार्ग को वन्यजीवों की सुरक्षा के दृष्टिगत संशोधित प्रस्ताव जल्द तैयार कराया जाएगा, ताकि इसे अगली बैठक में अनुमोदन के लिए भेजा जा सके। फिलहाल टाइगर रिजर्व के कोर जोन में वन्य जीवों के प्राकृतिक आवागमन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।” मनीष सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व।

ये भी पढ़ें

ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *