Barabanki News : वेतन, पीएफ और सुरक्षा उपकरणों को लेकर 80 कर्मचारियों का धरना, आंदोलन की चेतावनी

Barabanki News : वेतन, पीएफ और सुरक्षा उपकरणों को लेकर 80 कर्मचारियों का धरना, आंदोलन की चेतावनी

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। आदर्श नगर पंचायत रामसनेहीघाट में सफाई व्यवस्था समेत विभिन्न कार्यों में लगे करीब 80 कर्मचारियों ने मंगलवार को वेतन, पीएफ, सुरक्षा उपकरण और ड्यूटी के समय समेत अन्य समस्याओं को लेकर धरौली स्थित कल्याण मंडपम परिसर में धरना दिया। कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे 30 दिन काम कराया जाता है, जबकि 2526 दिन का ही वेतन मिलता है। सुबह पांच से शाम पांच बजे तक ड्यूटी लेने, बीमारी में वेतन काटने और सफाई के दौरान दस्ताने, मास्क व जूते जैसे सुरक्षा उपकरण न मिलने की भी शिकायत की। कर्मचारियों ने पीएफ का पूरा भुगतान, आयुष्मान कार्ड, आईडी कार्ड, सुरक्षा किट और हर माह एक से पांच तारीख के बीच वेतन देने की मांग की।

ड्यूटी का समय सुबह छह से दोपहर दो बजे तक करने की भी मांग रखी। कर्मचारियों ने ईओ पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। कर्मचारियों का ठेका रमन सिक्योरिटी कंपनी के पास बताया गया है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। ठेकेदार पंकज मिश्रा ने कहा कि कर्मचारियों की सैलरी का भुगतान किया जा रहा है और बुधवार तक सभी को वेतन मिल जाएगा।

एसडीएम बृजेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि ईओ से वार्ता कर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। धरने में सुपरवाइजर सरजू प्रसाद तिवारी, उत्कर्ष मिश्रा, राम सफल, साहुल वाल्मीकि, ड्राइवर संदीप यादव, अर्जुन, जेसीबी चालक बृजेश कुमार, पंप ऑपरेटर महेश, चौकीदार अशोक, रामकरन, विनय व उदल समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *