
बदला चौराहा । जमुनहा क्षेत्र के हरदत्त नगर गिरंट में बुधवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
यात्रा के दौरान लोगों ने ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के चलते पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
विधायक बोले गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर
इस मौके पर विधायक रामफेरन पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले अनेक सेनानियों को इतिहास में वह स्थान नहीं मिल पाया, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा ऐसे गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का अवसर है।
विधायक ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी उल्लेख किया और कहा कि तिरंगा यात्रा के जरिए लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने तथा स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करने का अवसर मिलता है।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
तिरंगा यात्रा में आशुतोष पांडेय, बिन्नू तिवारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया।