यूपी में शिक्षकों की तैयारी होगी मजबूत, 3.81 करोड़ रुपये जारी

यूपी में शिक्षकों की तैयारी होगी मजबूत, 3.81 करोड़ रुपये जारी

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश सरकार ने शैक्षिक सत्र 202627 में शिक्षकों की तैयारी को मजबूत बनाने के लिए 3.81 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय लिमिट जारी की है। इस राशि से प्रदेश के सभी 75 जिलों में कक्षा 1 से 5 तक हिंदी और गणित पढ़ाने वाले शिक्षकों को संदर्शिका और शिक्षक डायरी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं कक्षा 6 से 8 तक के परिषदीय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एलईपी मद में अलग से 42.61 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

संदर्शिका और डायरी के लिए 3.38 करोड़ रुपये

समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय की ओर से कक्षा 1 से 5 के शिक्षकों के लिए संदर्शिका और शिक्षक डायरी के मुद्रण व आपूर्ति हेतु 338.54 लाख रुपये जारी किए गए हैं। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। इसमें संदर्शिका के मुद्रण के लिए 172.35 लाख रुपये, शिक्षक डायरी के लिए 152.91 लाख रुपये तथा परिवहन के लिए 13.27 लाख रुपये शामिल हैं।

उच्च प्राथमिक शिक्षकों के लिए अलग व्यवस्था

कक्षा 6 से 8 तक के परिषदीय और केजीबीवी शिक्षकों के लिए एलईपी मद में 42.61 लाख रुपये की अलग वित्तीय लिमिट जारी की गई है। इससे उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों को भी अतिरिक्त शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि कक्षा में प्रभावी शिक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

समयबद्ध वितरण के निर्देश

महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संदर्शिका और शिक्षक डायरी की आपूर्ति तथा विद्यालयों तक वितरण समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने वित्तीय नियमों के अनुरूप भुगतान और सभी अभिलेख सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए हैं।
शिक्षण की बेहतर योजना बनाने में मिलेगी मदद

बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि बेहतर कक्षा की शुरुआत शिक्षक की बेहतर तैयारी से होती है। उन्होंने बताया कि संदर्शिका शिक्षकों को पाठ की बेहतर तैयारी, विषयवस्तु को सरल ढंग से समझाने और शिक्षण गतिविधियों की योजना बनाने में मदद करेगी। वहीं शिक्षक डायरी के माध्यम से शिक्षक दैनिक और साप्ताहिक कार्ययोजना तैयार कर कक्षा संचालन को अधिक व्यवस्थित बना सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *