
सहारनपुर/लखनऊ, अमृत विचार। स्वतंत्रता दिवस के दिन उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरसावा थाना क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में आईटीबीपी के डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रवि शंकर की मौत हो गई, जबकि साथ मौजूद एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
मसूरी से ट्रेनिंग पूरी कर लौट रहे थे
जानकारी के मुताबिक, आईटीबीपी के डीआईजी परमिंदर सिंह अपने ड्राइवर रवि शंकर और एक अन्य जवान के साथ मसूरी से ट्रेनिंग पूरी करके स्कॉर्पियो से अंबाला लौट रहे थे। इसी दौरान सरसावा क्षेत्र के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार अधिकारी समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल स्थानीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रवि शंकर को मृत घोषित कर दिया। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। वहीं घायल जवान का उपचार जारी है।
डीएमएसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और एसएसपी राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने हादसे की जानकारी ली और घायल जवान के इलाज की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।