
सीतापुर, अमृत विचार। कमलापुर पुलिस ने शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बिहार के चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 139 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब और फर्जी नंबर प्लेट लगी वैगनआर कार बरामद करने का दावा किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी हरियाणा और चंडीगढ़ से शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
कमलापुर पुलिस ने इन तस्करों को कम्हरिया चौराहे के पास मानपुर रोड से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। क्षेत्राधिकारी सिधौली विशाल गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के रंजीत कुमार, रतनेश कुमार सिंह, विक्की कुमार और अजय सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 139 बोतल अंग्रेजी शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट लगी वैगनआर कार बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि बिहार में शराबबंदी का लाभ उठाकर वे हरियाणा और चंडीगढ़ से कम कीमत पर शराब खरीदते थे और बिहार के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस और टोल प्लाजा पर पहचान छिपाने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जाता था। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।
सीओ सिधौली विशाल गुप्त के मुताबिक तस्कर पुलिस और टोल प्लाजा की निगरानी से बचने के लिए वाहन पर कूटरचित नंबर प्लेट लगाते थे। इससे वाहन की वास्तविक पहचान छिपी रहती थी और पकड़ में आने की संभावना कम हो जाती थी। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने पूर्व में भी इसी तरीके से कई खेप बिहार पहुंचाई हैं।
139 बोतल शराब और कार बरामद
सीओ ने बताया कि पुलिस ने तस्करों के कब्जे से 10 बोतल पावरस्टार फाइन रम, 35 बोतल वजीर डीलक्स व्हिस्की और 94 बोतल पावरस्टार फाइन व्हिस्की बरामद की है। इसके अलावा फर्जी नंबर प्लेट लगी वैगनआर कार भी जब्त कर धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दी गई है। ये खबर आप क्विक समाचार में पढ़ रहे हैं। पुलिस नेटवर्क से जुड़े मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।